झालावाड़ जिले के खानपुर कस्बे में एक अनोखी शादी इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पड़ोसी जिले बारां के छबड़ा में राजस्थान पुलिस में तैनात कांस्टेबल रोहित जोगी अपनी दुल्हन आरती व्यास को हेलीकॉप्टर से विदा कराकर खानपुर क्षेत्र के नयागांव लेकर पहुंचे। जैसे ही हेलीकॉप्टर खानपुर पहुंचा, उसे देखने के लिए आसपास के गांवों और कस्बों से लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
हेलीकॉप्टर से हुई दुल्हन की विदाई
जानकारी के अनुसार खानपुर के जोगी बस्ती नयागांव निवासी रोहित जोगी पुत्र छीतरलाल जोगी का विवाह 13 मार्च को रायपुर क्षेत्र के सोयली गांव निवासी आरती व्यास पुत्री पन्नानाथ व्यास के साथ संपन्न हुआ। बारात 12 मार्च को पहुंची थी और सात फेरों के बाद दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर से कराई गई।
खानपुर में बनाया गया अस्थायी हेलीपैड
दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लाने के लिए खानपुर नगर में पुलिस थाने के सामने खाली स्थान पर अस्थायी हेलीपैड बनाया गया था। दोपहर करीब सवा तीन बजे हेलीकॉप्टर यहां उतरा। हेलीकॉप्टर के उतरते ही उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए खानपुर थाना पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
कालबेलिया समाज में पहली बार ऐसा नजारा
बताया जा रहा है कि हाड़ौती क्षेत्र में राष्ट्रीय घुमंतू कालबेलिया समाज में यह पहला अवसर है जब दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से अपने घर पहुंचे। इस अनोखी विदाई ने पूरे इलाके में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
बड़े भाई का सपना हुआ पूरा
दूल्हे के बड़े भाई विजय जोगी का करीब 15 साल पुराना सपना था कि छोटे भाई की शादी में दुल्हन को हेलीकॉप्टर से घर लाया जाए। आखिरकार यह सपना अब साकार हो गया। विजय जोगी राष्ट्रीय घुमंतू कालबेलिया समाज के झालावाड़ जिला अध्यक्ष भी हैं।
ये भी पढ़ें:
एरिया डोमिनेशन अभियान में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 168 जगह दबिश; 35 आरोपी गिरफ्तार
रिसेप्शन में भी खास अंदाज में हुई एंट्री
हेलीकॉप्टर से दुल्हन को घर लाने के बाद आयोजित रिसेप्शन समारोह में भी दूल्हा-दुल्हन की एंट्री खास अंदाज में कराई गई, जिसने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। आमतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में दुल्हन की विदाई कार या पारंपरिक बारात के साथ होती है, लेकिन हेलीकॉप्टर से हुई इस अनोखी विदाई ने खानपुर क्षेत्र में इस शादी को यादगार बना दिया है।