राजस्थान के झालावाड़ जिले में मानव तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भवानीमंडी थाना क्षेत्र में डिकॉय ऑपरेशन चलाकर पुलिस ने छह नाबालिग बालिकाओं को मुक्त कराया है। मामले में बालिकाओं के परिजनों, रिश्तेदारों और अन्य नजदीकी लोगों सहित पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान बालिकाओं के साथ बार-बार शोषण किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। कार्रवाई के लिए स्पाई कैमरों की मदद से डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
स्पाई कैमरों से जुटाए डिजिटल साक्ष्य, डिकॉय ऑपरेशन के बाद कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया ने बताया कि पुलिस को एक गोपनीय परिवाद मिला था। इसमें नाबालिग बालिकाओं से देह व्यापार करवाए जाने की सूचना दी गई थी। पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष श्रोत्रिय के नेतृत्व में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि दलाल और बालिकाओं के परिजन उन्हें ग्राहकों के सामने पेश करते थे। कथित तौर पर इस गतिविधि के बदले बड़ी रकम की मांग की जाती थी। पुलिस ने डिकॉय ऑपरेशन के तहत स्पाई कैमरों की मदद से डिजिटल साक्ष्य जुटाए। इन कैमरों में तीन बालिकाओं की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है।
दो बालिकाएं गंभीर संक्रमण से पीड़ित, उपचार शुरू
एसपी अमित बुडानिया के अनुसार, बालिकाओं को मुक्त कराने के बाद उनकी मेडिकल जांच कराई गई। जांच में पांच बालिकाओं के साथ बार-बार शोषण किए जाने की पुष्टि हुई है। वहीं, दो बालिकाएं गंभीर संक्रमण से पीड़ित पाई गई हैं। उनका उपचार शुरू करवा दिया गया है। सभी छह बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित आश्रय में भेज दिया गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है।
पांच आरोपी गिरफ्तार, तीन दिन के पुलिस रिमांड पर
पुलिस ने मामले में हीराबाई (34), धापूबाई (35), रोड़ीबाई (32), छानमल (48) और पप्पू (22) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में बालिकाओं के परिजन, रिश्तेदार और अन्य नजदीकी लोग शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सभी पांच आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।