जिले की अकलेरा पुलिस ने नेशनल हाईवे-52 पर ट्रकों से डीजल चोरी कर अवैध रूप से बेचने वाले रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अकलेरा-झालावाड़ मार्ग स्थित आधा दर्जन ढाबों पर दबिश देकर 1090 लीटर अवैध डीजल, हिसाब-किताब की डायरियां और डीजल निकालने-भरने के उपकरण जब्त किए हैं। मामले में 6 ढाबा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिला स्पेशल टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि हाईवे किनारे स्थित कुछ ढाबा संचालक ट्रक चालकों से मिलीभगत कर डीजल चोरी का अवैध कारोबार चला रहे हैं। ट्रक चालक अपने मालिकों की जानकारी के बिना वाहनों से डीजल निकालकर कम कीमत में ढाबा संचालकों को बेच देते थे। इसके बाद ढाबा संचालक चोरी के डीजल को अवैध रूप से संग्रहित कर आसपास के गांवों में ट्रैक्टर, जेसीबी और अन्य वाहनों को बाजार भाव से कम कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: प्रदेशभर में अकीदत और भाईचारे के साथ मनाई गई ईद-उल-अजहा, देश में अमन-चैन की दुआ मांगी
सूचना की पुष्टि के लिए डीएसटी प्रभारी ने टीम के सदस्य भरतराज और अरुण को सादा वेश में संदिग्ध ढाबों पर भेजा। दोनों कांस्टेबलों ने ट्रक चालकों को डीजल चोरी करते हुए और कैनों में भरकर ढाबों के अंदर ले जाते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग की। यही वीडियो पुलिस कार्रवाई का प्रमुख साक्ष्य बना।
जांच में सामने आया कि ढाबा संचालक बिना किसी वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के अत्यधिक ज्वलनशील डीजल का अवैध भंडारण कर रहे थे। हाईवे किनारे स्थित इन ढाबों पर रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंदालाल पुत्र कंवरलाल लोधा, मथुरालाल पुत्र कंवरलाल निवासी नारायणपुरा, बालूराम पुत्र नंदाजी निवासी लक्ष्मीपुरा, मदनलाल पुत्र भंवरलाल निवासी लक्ष्मीपुरा, यशवंत सिंह पुत्र हरिसिंह निवासी आमेठा तथा सतपाल सिंह उर्फ पिंकू पुत्र जगन्नाथ सिंह किराड़ निवासी आमेठा को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।