जिले के उन्हैल थाना क्षेत्र के बेड़ला गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बहू ने अपने 65 वर्षीय ससुर पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग की गर्दन के पास चोट आई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें पहले चौमहला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है। घटना के बाद से आरोपी बहू फरार है।
कहासुनी के बाद किया चाकू से हमला
उन्हैल थाने के एएसआई मुबारिक खान के अनुसार बेड़ला गांव निवासी लाल कुंवर का शनिवार को परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। शुरुआत में मामूली कहासुनी के रूप में शुरू हुआ विवाद रात करीब 8 बजे बढ़ गया। इसी दौरान गुस्से में आकर लाल कुंवर ने अपने ससुर नैन सिंह (65) पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। चाकू गर्दन के पास लगने से नैन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: जोधपुर हाईकोर्ट की टिप्पणी: वारंट तामील का मतलब दांत-हड्डियां तोड़ने की छूट मिलना नहीं, पुलिसकर्मियों पर केस
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को संभाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से नैन सिंह को चौमहला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोट की गंभीरता को देखते हुए उन्हें झालावाड़ जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
सास ने बहू के खिलाफ दर्ज कराया मामला
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी लाल कुंवर मौके से फरार हो गई। घायल नैन सिंह की पत्नी और आरोपी की सास ने थाने पहुंचकर बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पारिवारिक विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।