फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झालावाड़ की बेटी का साहस: जहरीले सांपों का रेस्क्यू कर रही अंजलि, 6 महीने में बचाई 70 से अधिक सांपों की जान

Mon, 09 Nov 2026 01:03 PM IST
झालावाड़ ब्यूरो न्यूज डेस्क,अमर उजाला, झालावाड़

सार

पिपलिया गांव की 16 वर्षीय अंजलि वर्मा ने छह महीनों में 70 से अधिक जहरीले सांपों को पकड़कर जंगल में छोड़ा। कक्षा 11वीं की छात्रा अंजलि को यह प्रेरणा उनके मामा दिलीप पांचाल से मिली। वह सांपों को मारने के बजाय उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में पहुंचाती हैं। अंजलि लोगों को सांपों के प्रति जागरूक भी करती हैं। उनका यह साहस बेटियों के लिए एक मिसाल है।
विज्ञापन
सांप का रेस्क्यू करती अंजली वर्मा
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले के भवानीमंडी क्षेत्र के पिपलिया गांव की 16 वर्षीय अंजलि वर्मा ने अपने साहस और हुनर से एक नई मिसाल कायम की है। जिस उम्र में बच्चे पढ़ाई और खेलकूद में व्यस्त रहते हैं, अंजलि जहरीले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू करती हैं। पिछले छह महीनों में उन्होंने 70 से अधिक सांपों को पकड़कर जंगल में छोड़ा है। अंजलि पुत्री हीरालाल वर्मा पास के गांव भिलवाड़ी में कक्षा 11वीं की पढ़ाई कर रही हैं। सांपों के रेस्क्यू का जुनून ऐसा है कि स्कूल से सूचना मिलने पर वह पिता के साथ मौके पर पहुंच जाती हैं।

रेस्क्यू की शुरुआत और सावधानी

अंजलि के इस साहसिक सफर की शुरुआत एक सरकारी स्कूल में घुसे सांप के रेस्क्यू से हुई थी। धीरे-धीरे उन्होंने सांपों की विभिन्न प्रजातियों को पहचानना और सुरक्षित रेस्क्यू करना सीखा। वह रेड स्नेक, कोबरा, वाटर स्नेक, गल्फ नाग और केकड़ा स्नेक जैसी कई प्रजातियों के सांपों का रेस्क्यू कर चुकी हैं। रेस्क्यू के दौरान अंजलि विशेष सावधानी बरतती हैं। वह हाथों में ग्लव्स, पैरों में जूते और आवश्यक उपकरणों का उपयोग करती हैं। उनका मुख्य उद्देश्य सांपों को मारना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में पहुंचाना है।

प्रेरणा और जागरूकता

अंजलि को सांपों का रेस्क्यू करने की प्रेरणा उनके राखीबंद मामा दिलीप पांचाल से मिली, जो स्वयं भी यह काम करते हैं। मामा को देखकर अंजलि के मन में वन्यजीवों को बचाने का विचार आया। शुरुआत में उन्होंने रुचि दिखाई और अनुभव के साथ उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया। अब वह जहरीले सांपों को देखकर भी घबराती नहीं हैं। अंजलि लोगों को सांपों के प्रति जागरूकता फैलाने का काम भी करती हैं। वह बताती हैं कि सांप की त्वचा, रंग और बनावट देखकर उसकी प्रजाति पहचानी जा सकती है।

समाज के लिए संदेश

अंजलि केवल सांपों का रेस्क्यू ही नहीं करतीं, बल्कि लोगों को जागरूक भी करती हैं। उनका कहना है कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल जाकर चिकित्सकीय उपचार लेना चाहिए। समय पर इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है। अंजलि चाहती हैं कि लोग सांपों को मारने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद लें। 16 साल की उम्र में अंजलि ने साबित किया है कि अवसर, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास मिले तो बेटियां किसी भी क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकती हैं। पिता का सहयोग और मामा से मिली प्रेरणा उनके हौसले को और मजबूत कर रही है। अंजलि का साहस उन लोगों के लिए प्रेरणा है जो बेटियों की क्षमताओं को सीमित नजरिए से देखते हैं।

विज्ञापन


 

स्कूल से सांप का रेस्क्यु करती अंजली वर्मा

 

 

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें