खुद को बड़ा ड्रग सप्लायर बताने वाला पहुंचा सलाखों के पीछे
- फोटो : अमर उजाला
जिले के सांचौर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर खुद को एमडी ड्रग्स सप्लायर बताकर रील्स पोस्ट करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो डालकर खुद को बड़े स्तर का ड्रग्स सप्लायर बताता था। जांच में उसके पास से कोई मादक पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से इंस्टाग्राम पर ऐसे वीडियो वायरल हो रहे थे, जिनमें एमडी ड्रग्स की ऑल इंडिया डिलीवरी और होलसेल सप्लाई का दावा किया जा रहा था। वीडियो में व्हाट्सएप नंबर जारी कर खरीद के लिए संपर्क करने की बात भी कही जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांचौर थानाधिकारी नेमाराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच शुरू की गई और कुछ ही घंटों में पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। गिरफ्तार युवक की पहचान करवाड़ा निवासी 23 वर्षीय घेवाराम विश्नोई पुत्र जयकिशन विश्नोई के रूप में हुई है। आरोपी को रविवार शाम गिरफ्तार किया गया।
ये भी पढ़ें: Hanumangarh News: ‘खाला बनाओ या जवाब दो’, हनुमानगढ़ में टंकी पर चढ़े किसानों का हाई वोल्टेज प्रदर्शन, मचा बवाल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक फोटो स्टूडियो में काम करता था और उसे वीडियो एडिटिंग का अच्छा ज्ञान था। उसने यूट्यूब से ड्रग्स से जुड़े पुराने वीडियो डाउनलोड किए और फिर एआई व एडिटिंग सॉफ्टवेयर की मदद से उनमें मोबाइल नंबर जोड़कर इंस्टाग्राम रील्स के रूप में अपलोड कर दिया।
आरोपी सोशल मीडिया पर खुद को एमडी ड्रग्स सप्लायर बताकर फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि पुलिस को उसके पास से किसी भी प्रकार का मादक पदार्थ नहीं मिला और सभी वीडियो फर्जी पाए गए। पुलिस अब आरोपी की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बंद करवाने के लिए मेटा कंपनी को पत्र भेजने की तैयारी कर रही है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभवदान रतनू के निर्देशन और वृत्ताधिकारी जयराम मुंडेल के सुपरविजन में की गई। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक और अवैध गतिविधियों से जुड़े कंटेंट से सावधान रहने की अपील की है।