जालौर जिले के सांचौर थाना क्षेत्र के सरनाऊ गांव में एक विवाहिता ने गांव के ही युवक पर कई बार जबरन दुष्कर्म, अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर सांचौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, गांव के ही एक युवक ने दो बार उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। अत्याचार से तंग आकर महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसका पति ट्रक चालक है और दो महीने से घर से बाहर था। इसी दौरान गांव के अनिल पुत्र लाबुराम को खेत की मेड़ ठीक कराने के लिए घर बुलाया गया था। महिला का आरोप है कि अनिल ने उसे अकेला पाकर जबरन दुष्कर्म किया और जाते समय धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया, तो उसकी अश्लील फोटो वायरल कर देगा।
ये भी पढ़ें:
कांग्रेस का हल्ला बोल आंदोलन, साधा भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर निशाना
बदनामी के डर से महिला ने यह बात छिपा ली, लेकिन कुछ दिनों बाद अनिल ने फिर फोन कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। 26 जुलाई को जब महिला घर में अकेली थी, तो आरोपी फिर घर में घुस आया और घसीटते हुए उसके साथ फिर से दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया, तो उसने चुनरी से मुंह बंद कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। मानसिक आघात से तंग आकर पीड़िता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर सास-ससुर मौके पर पहुंचे और तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया। होश में आने के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। सांचौर थाना पुलिस ने आरोपी अनिल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई अमृतलाल को सौंपी है। पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।