भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित जैसलमेर में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है। इसके साथ ही आसमान में नष्ट हुए ड्रोन और अन्य चीजें खेतों में गिर रही हैं। इनको सेना ने समेटना शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह और दोपहर को जैसलमेर के विभिन्न इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
भारतीय सेना की सतर्कता के चलते दुश्मन देश के भेजे गए ड्रोन को आसमान में ही मार गिराया गया, जिसके बाद उनके अवशेष खेतों और खुले क्षेत्रों में गिरे मिले। इन संदिग्ध वस्तुओं से आमजन को दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है। गिरने वाली वस्तुओं की सूचना मिलते ही पुलिस सबसे पहले मौके पर पहुंच रही है और क्षेत्र को सुरक्षित करने के बाद सेना को सूचित किया जा रहा है। सेना की विशेष टीम द्वारा इन वस्तुओं को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: Jaisalmer News: भारतीय सेना ने हवा में मार गिराए पाकिस्तानी ड्रोन, पूरे जिले में कंप्लीट ब्लैक आउट, सेना सतर्क
जिले के सीमावर्ती गांवों में सेना और पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं और तुरंत प्रशासन को सूचित करें। जानकारी के अनुसार पिछले तीन दिनों में भारतीय सेना ने जैसलमेर क्षेत्र में कई पाकिस्तानी ड्रोन को नष्ट किया है। बालोतरा- परेऊ में मिसाइल नुमा वस्तु को सेना ने कब्जे में लिया है। इसे छोटे ट्रक में ले जाया गया। आईजी विकास कुमार, जिला कलेक्टर सुशील कुमार ने घटना स्थल का जायजा लिया। सीमा क्षेत्र के ग्रामीणों ने भारतीय सेना पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा है कि पाकिस्तान की किसी भी नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने सेना के साथ सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि देश की रक्षा में हरसंभव सहयोग करेंगे।