विधानसभा में गुरुवार को शून्यकाल के दौरान बीजेपी विधायक संदीप शर्मा ने मुकुंदरा टाइगर रिजर्व का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि टाइगर रिजर्व में मात्र तीन बाघ बचे हैं जबकि कई बाघों को लाने की स्वीकृति के बाद भी यहां शिफ्टिंग नहीं हुई है। बाघों के आदान प्रदान के तहत भी मुकुंदरा में बाघ लाने की योजना को भी बाघ संरक्षण प्राधिकरण ने मंजूरी दे दी है।
यहां मध्यप्रदेश से बाघों की शिफ्टिंग की जानी थी। दोनों राज्य सरकारों ने भी सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। बाघ आएंगे तो प्राकृतिक वातावरण बाघों को मिलेगा कोटा के वन पर्यावरण में भी इजाफा होगा। शर्मा ने कहा कि कोटा के मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में बाघों की शिफ्टिंग का काम जल्दी करवाया जाए।
सुरक्षा अधिनियम को लेकर यूनुस खान ने किया सवाल
खाद्य एवं सुरक्षा अधिनियम को लेकर निर्दलीय विधायक यूनुस खान ने सवाल किया। खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने जवाब देते हुए कहा कि पिछले साल 3000 से अधिक व्यक्तियों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया है। खाद्य सुरक्षा पोर्टल खोलकर नए नाम जोड़े जा रहे हैं। डीडवाना से 4000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। सबको लाभ दिया जाएगा। यूनुस खान ने कहा कि मंत्री यह बताए कि 2023 में कितने लोगों को लाभ मिला है। उन्होंनें पूछा कि 32 कैटेगरी में कितने लोगों को सम्मिलित किया है। मंत्री गोदारा ने जवाब देते हुए कहा कि मैं आपको पूरी सूची उपलब्ध करवा दूंगा।