शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने गिरल श्रमिक आंदोलन के दौरान दिवंगत हुए श्रमिक जैसाराम मेघवाल के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। विधायक भाटी शनिवार को जैसाराम मेघवाल के निवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने विधायक कोष से स्वीकृत 10 लाख रुपये की सहायता राशि का स्वीकृति पत्र परिवार को सौंपा।
परिजनों से बातचीत करते हुए भाटी ने कहा कि परिवार ने अपना एक महत्वपूर्ण सदस्य खोया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में वे और पूरा क्षेत्र परिवार के साथ खड़ा है। साथ ही भविष्य में किसी भी आवश्यकता पर हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
ये भी पढ़ें: 61 दिन का संघर्ष सफल: खत्म हुआ गिरल आंदोलन; रविंद्र भाटी ने की धरना समाप्ति की घोषणा, 24 मांगों पर बनी सहमति
इसके बाद विधायक रविन्द्र सिंह भाटी गिरल धरनास्थल पहुंचे, जहां उन्होंने आंदोलनरत श्रमिकों से मुलाकात कर उनके संघर्ष की सफलता पर बधाई दी। उल्लेखनीय है कि गिरल लिग्नाइट माइंस के श्रमिक विभिन्न मांगों को लेकर पिछले दो महीनों से आंदोलन कर रहे थे। शुक्रवार देर रात प्रशासन, श्रमिक यूनियन और संबंधित अधिकारियों के बीच हुई वार्ता में मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त करने का रास्ता साफ हुआ।
धरनास्थल पर श्रमिकों को संबोधित करते हुए भाटी ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि श्रमिकों की एकजुटता, धैर्य और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों ने अपने अधिकारों के लिए संयम और दृढ़ता के साथ संघर्ष किया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से उठाई गई आवाज को आखिरकार स्वीकार करना पड़ा। विधायक ने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी श्रमिक हितों, अधिकारों और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर वे मजबूती से उनके साथ खड़े रहेंगे। वहीं श्रमिकों ने आंदोलन के दौरान मिले सहयोग और समर्थन के लिए विधायक रविन्द्र सिंह भाटी का आभार जताते हुए संघर्ष की सफलता को श्रमिक एकता और जनसहयोग का परिणाम बताया।