राजस्थान में 31 दिसंबर को न्यू ईयर सेलिब्रेशन करने वालों के लिए मौसम परेशानी खड़ी कर सकता है। उत्तर भारत में सक्रिय हो रहे एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के चलते प्रदेश में बादल छाए रहने और कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, इस सिस्टम के प्रभाव से 31 दिसंबर को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 1 जनवरी को बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके साथ ही 1 जनवरी की शाम से प्रदेश में घना कोहरा छाने की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक कोहरा बने रहने और सर्द हवाएं चलने से ठंड और बढ़ सकती है।
कोहरे और बादलों से धूप कमजोर
राजस्थान में घने कोहरे का असर जमीन और आसमान दोनों जगह देखा जा रहा है। सोमवार को घने कोहरे की वजह से हवाई और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली चार उड़ानों को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा, जबकि जयपुर से चंडीगढ़ जाने वाली एक उड़ान को रद्द कर दिया गया। इंडिगो की हैदराबाद-चंडीगढ़ फ्लाइट 6E-6252 को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण जयपुर उतारना पड़ा। इसी तरह स्पाइसजेट की मुंबई-दिल्ली फ्लाइट SG-386, एयर इंडिया एक्सप्रेस की गोवा-दिल्ली फ्लाइट IX-1348 और स्पाइसजेट की दुबई-दिल्ली फ्लाइट SG-12 को भी दिल्ली में खराब दृश्यता के चलते जयपुर डायवर्ट किया गया। कोहरे की वजह से इंडिगो की जयपुर–चंडीगढ़ फ्लाइट 6E-7742, जो सुबह 5:50 बजे रवाना होने वाली थी, को रद्द कर दिया गया। वहीं जयपुर से गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E-748 अपने निर्धारित समय सुबह 6:40 बजे के बजाय 8:26 बजे रवाना हुई। इस उड़ान में करीब एक घंटा 45 मिनट की देरी हुई।
शताब्दी- पूजा एक्सप्रेस घंटों देरी से चली