Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। 6 जिलों में ऑरेंज और 30 जिलों में येलो अलर्ट जारी। 7 सितंबर तक राहत के आसार नहीं। जयपुर, अजमेर, टोंक, भीलवाड़ा, सीकर, नागौर में भारी बारिश की संभावना, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी।
मौसम विभाग ने 5 सितंबर के लिए ताजा अलर्ट जारी किया है। जिसमें जयपुर, नागौर, सीकर, अजमेर, टोंक और भीलवाड़ा में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 30–40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं चूरू, झुंझुनूं, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, पाली, बाड़मेर, सिरोही, राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ सहित 30 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बताया है कि जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। 5 से 7 सितंबर के बीच इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने नागरिकों को बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली गिरने की संभावना वाले स्थानों से दूर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
जयपुर में भी लगातार बारिश ने निचले इलाकों में हालात बिगाड़ दिए हैं। भारी बारिश के दौरान नगर निगम जयपुर हैरिटेज को बाढ़ नियंत्रण केंद्रों और कार्यालयों पर कुल 330 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिला प्रशास ने बताया कि जलभराव एवं मिट्टी कटाव रोकने हेतु 19,800 मिट्टी के कट्टों का उपयोग किया गया, 15 पंप लगाए गए, जबकि जवाहर नगर कच्ची बस्ती में तीन अतिरिक्त पंप स्थापित किए गए। साथ ही 3,100 फीट सड़क मरम्मत और 180 नालों व मैनहोल पर कवर लगाए गए। विद्युत संबंधी 450 शिकायतों में से 280 का निस्तारण तत्काल किया गया। राहत कार्यों में 7 जेसीबी, 13 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 4 डंपर अतिरिक्त लगाए गए।