फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: प्रदेश में 11 पेट्रोल पंपों पर घटतौली पकड़ी, 11 नोजल सील, 85 हजार रुपये का लगा जुर्माना

Thu, 19 Nov 2026 06:41 AM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान में घटतौली रोकने के लिए विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ ने 62 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। जांच में 11 पंपों पर कम ईंधन देने की अनियमितता मिली। अधिकारियों ने 11 नोजल जब्त कर 85 हजार रुपये जुर्माना वसूला।

 

विज्ञापन
सांकेतिक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विधिक मापविज्ञान प्रकोष्ठ के प्रदेशभर में घटतौली और अनियमितताओं को रोकने के लिए चलाए जा रहे व्यापक जांच अभियान में 62 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण करके मापक उपकरणों की जांच की। इस कार्रवाई के दौरान 11 स्थानों पर वाहन चालकों को निर्धारित मात्रा से कम पेट्रोल व डीजल दिया जाना पाया गया। अधिकारियों ने अनियमितता मिलने पर 11 नोजल तुरंत सील व जब्त करते हुए कुल 85 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। जांच में सामने आया कि कई पेट्रोल पंप बिना वैध सत्यापन के ही पिछले तीन वर्ष से चल रहे थे।

सत्यापन के बिना चल रहा था पंप

टीम ने जयपुर जिले के दूदू में स्थित श्री कृष्ण पेट्रोलियम का अचानक निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां माप-वितरण उपकरणों में गंभीर खामियां पाई गईं। अभिलेखों की पड़ताल में सामने आया कि इस पेट्रोल पंप का अंतिम सत्यापन 12 सितंबर, 2023 को हुआ था। इसके बाद पिछले लगभग तीन वर्ष से यह संस्थान बिना किसी वैध सत्यापन के ही ग्राहकों को ईंधन बांट रहा था। इस गंभीर लापरवाही पर विभागीय टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए पंप के सभी नोजल जब्त कर लिए और 10 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया।

पांच लीटर पर 30 मिलीलीटर कम तेल

जांच टीम ने दौसा जिले के गढ़ दौसा स्थित सूर्या फिलिंग स्टेशन (एचपीसीएल) पर भी औचक छापा मारा। वहां जांच में प्रति पांच लीटर ईंधन वितरण पर 30 मिलीलीटर पेट्रोल व डीजल कम दिया जाना पाया गया। टीम ने यहां एक नोजल जब्त कर 10 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया। इसी तरह जोधपुर शहर में भी व्यापक जांच की गई। जोधपुर के रेजीडेंसी रोड स्थित गणेशीलाल एंड संस पर प्रति पांच लीटर में 30 मिलीलीटर कम वितरण मिलने पर दो नोजल जब्त करके 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया। जोधपुर के ही बॉम्बे मोटर्स सर्किल स्थित सूर्यनगरी पेट्रोलियम पर भी इतनी ही घटतौली मिलने पर तीन नोजल जब्त किए और 10,000 रुपये जुर्माना वसूला।

पाली में कार्रवाई और सख्त निर्देश

टीम ने पाली में भाटी हिंदुस्तान पेट्रोलियम पर भी र कार्रवाई की। वहां भी जांच के दौरान प्रति पांच लीटर ईंधन के माप में 30 मिलीलीटर कम तेल का वितरण पाया गया। र अधिकारियों ने तत्काल एक नोजल जब्त करके 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया। पूरे प्रदेश में चलाए गए इस जांच अभियान में कुल 62 पेट्रोल पंपों का माप किया गया और 11 नोजल सील किए गए।

उपभोक्ता हितों से समझौता नहीं

खाद्य व नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अधिकारों और हितों के साथ किसी भी सूरत में समझौता सहन नहीं किया जाएगा। पेट्रोल पंपों पर माप-वितरण उपकरणों का नियमित सत्यापन करने और जनता को पूरी मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें