सार
Rajasthan: कांग्रेस हमेशा दलितों को सशक्त बनाने के लिए काम करती रही है, जबकि बीजेपी केवल दिखावे की राजनीति करती है। सरकार द्वारा जनता को गुमराह करने का काम किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस पूरी मजबूती से जनता की आवाज उठाती रहेगी। उक्त बातें नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कही।
टीकाराम जूली नेता प्रतिपक्ष विधानसभा
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा में बजट बहस के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बीजेपी पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहली बार एक दलित को नेता प्रतिपक्ष बनाया, जबकि बीजेपी सिर्फ दलितों के नाम पर राजनीति कर रही है। उन्होंने पूर्व डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी ने पहले उन्हें पद दिया, फिर उनके ही दूदू जिले को खत्म कर दिया।
टीकाराम जूली ने बजट को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बजट की घोषणाओं को लागू करने में ही मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के आंकड़ों में 12 दिन में 12% का अंतर आ गया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि वित्त मंत्री ने बजट पढ़ा जरूर, लेकिन पिछली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्हें मुख्यमंत्री के साथ नहीं बैठाया गया। इस बार साथ बिठाया तो गया, लेकिन बोलने नहीं दिया।
इसके अलावा, जूली ने फोन टैपिंग मामले पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि किरोड़ी लाल मीणा के आरोपों पर गृह राज्य मंत्री उसी दिन जवाब दे देते तो गतिरोध नहीं बनता। लेकिन सरकार की लापरवाही के कारण यह मुद्दा खिंचता रहा। टीकाराम जूली ने कहा कि कांग्रेस हमेशा दलितों को सशक्त बनाने के लिए काम करती रही है, जबकि बीजेपी केवल दिखावे की राजनीति करती है। उन्होंने बीजेपी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने का काम किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस पूरी मजबूती से जनता की आवाज उठाती रहेगी।