आईटी रेड में क्रिप्टो करंसी के खाते मिले
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में तालुका टेंट ग्रुप, वेडिंग प्लानर्स, कैटरर्स के ठिकानों पर 5 दिन तक चली आयकर विभाग की कार्रवाई में करोड़ों रुपये की नकदी और ज्वेलरी बरामद की गई लेकिन एक बात जो सबसे खास बात रही वो यह कि राजस्थान के इतिहास में पहली बार आयकर की कार्रवाई में अघोषित क्रिप्टो करंसी के खातों की भी जानकारी मिली है।
आयकर विभाग की टीम ने पांच दिन पहले प्रदेश के तालुका टेंट ग्रुप, वेडिंग प्लानर्स, कैटरर्स के 22 ठिकानों पर सर्वे की कार्रवाई शुरू की थी।
इनमें से 16 ठिकानों पर सोमवार को व 6 ठिकानों पर मंगलवार को सर्च की कार्रवाई पूरी हो गई।
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग ने कार्रवाई में बेहिसाब 9.66 करोड़ रुपये की नकदी, 12.966 किलोग्राम की अघोषित ज्वेलरी, जिसकी बाजार में कीमत 10.63 करोड़ रुपये है, जब्त की है। आयकर सर्च कार्रवाई में कुल 20.29 करोड़ जब्त किए गए हैं।
विभाग की कार्रवाई के दौरान राजस्थान के इतिहास में पहली बार अघोषित क्रिप्टो करंसी के खाते पाए गए। इनके अलावा बेहिसाब नकदी लेनदेन के सबूत ईमेल के रूप में कार्रवाई में मिले हैं। कार्रवाई में 20 लॉकर्स समेत कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए।
गौरतलब है कि आयकर टीम को प्रदेश के रिसॉर्ट और होटल मालिकों, विवाह कार्यक्रम नियोजकों, कैटरर्स, फूल विक्रेताओं, डेकोरेटर्स के बीच सांठगांठ का पता चला था। इसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई। जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच के बाद प्रदेश में कुछ और बड़ी कार्रवाई भी हो सकती है।