सरकार के कैबिनेट मंत्री मंत्री गहलोत।
- फोटो : अमर उजाला
पर्ची सरकार का सियासी जुमला अब तक कांग्रेस ही इस्तेमाल करती नजर आती थी, लेकिन अब सरकार के मंत्री ही इस मुद्दे को लेकर बयान देने लगे हैं। सरकार के कैबिनेट मंत्री मंत्री गहलोत का सोशल मीडिया पर एक वीडियो बड़ी तेजी के साथ वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते दिखाई दे रहे हैं कि 'म्हारी तो सरकार पर्ची से चाले'। अविनाश गहलोत का यह बयान सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है। अब कांग्रेस इस वीडियो को शेयर कर बीजेपी को निशाने पर ले रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अविनाश गहलोत के इस बयान को अपने सोशल मीडिया हैंडल ट्वीटर पर साझा कर लिखा है…अब तो खुद सरकार के मंत्री कह रहे हैं… कि भाजपा सरकार पर्ची से चलती है।
यह था मामला
दरअसल अविनाश गहलोत अपनी विधानसभा जैतारण के एक लाम्बिया गांव में एक कार्यक्रम में बोले थे। गहलोत बसंत पंचमी के मौके पर जैतारण विधानसभा के लाम्बिया गांव में जयमल जी जैन राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अविनाश गहलोत कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने मंच पर आकर मंत्री अविनाश गहलोत को एक पर्ची थमा दी। पर्ची देखते हुए गहलोत बोले, ‘पर्ची लाए हो, म्हारी तो सरकार ही पर्ची से चाले।’
पहले बयान फिर सफाई
ये बयान वायरल होते ही मंत्री सवालों के घेरे में आ गए तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि बसंत पंचमी पर मैं अपने क्षेत्र में जनता के बीच पहुंचा। मैं ज्यादातर हंसी मजाक में बात करके काम करने का प्रयास करता हूं। एक सामाजिक रूप से बातचीत करने का तरीका जो आम अमूमन हमारे क्षेत्र में होता है। उसको किसी तरीके से गलत नहीं बताया जाना चाहिए।