राजस्थान बीते 3 दिनों से लगातार पाकिस्तानी ड्रोन अटैक के निशाने पर है। शुक्रवार शाम से यहां बाड़मेर, जैसलमेर, गंगानगर में ड्रोन हमले किए गए लेकिन सेना ने उन सभी हमलों को नाकाम कर दिया। जैसलमेर में ड्रोन के कुछ हिस्से घरों के अंदर भी जाकर गिरे हैं। हालांकि किसी के हताहत होने का कोई समाचार नहीं है।
इधर भजनलाल सरकार ने राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर और गंगानगर को स्पेशल वॉच जोन घोषित कर दिया है। यहां इमरजेंसी खरीद के लिए कलेक्टर्स को स्पेशल फंड भी जारी कर दिया गया है। आरबीआई को चिट्ठी लिखकर अवकाश के दिन भी यहां बैंक ब्रांच को खुली रखने के लिए कहा गया है। किसी भी संभावित स्थिति में ब्लड डोनेशन कैंप लगाए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि ब्लड बैंक में रक्त की कमी नहीं हो।
ये भी पढ़ें: Indo-Pak Tension: जैसलमेर में पाकिस्तान ने फिर की हमले की नाकाम कोशिशें, बाड़मेर-गंगानगर में हाई रेड अलर्ट
इधर भजनलाल सरकार ने आज सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है। सरकार के संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने बताया कि इस बैठक में राजस्थान के मौजूदा हालात पर चर्चा की जाएगी। इसके आलवा सभी प्रभारी मंत्रियों को अपने जिलों में जाकर व्यवस्थाएं संभालने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।