राजस्थान में मानसून की सक्रियता अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी है। मानसून ट्रफ के उत्तर भारत के राज्यों की ओर खिसकने के कारण प्रदेश में बारिश का दौर धीमा हुआ है। शुक्रवार को भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग और उदयपुर संभाग के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
18 अगस्त तक पूर्वी राजस्थान में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 18 अगस्त तक पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
अलवर में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान अलवर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। टहला में 64 मिमी, तिजारा में 60 मिमी, लक्ष्मणगढ़ में 39 मिमी, किशनगढ़बास में 30 मिमी, खैरथल में 25 मिमी, प्रतापगढ़ में 29 मिमी और अलवर शहर में 30 मिमी बारिश हुई। तेज बारिश के कारण अलवर शहर में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। लगातार बारिश के चलते सिलीसेढ़ और मानसरोवर झीलों का जलस्तर 50 प्रतिशत से अधिक हो गया है।
भरतपुर और करौली में भी हुई बारिश
भरतपुर के नगर में 47 मिमी, नदबई में 26 मिमी और कुम्हेर में 17 मिमी बारिश दर्ज की गई। करौली के टोडाभीम में 32 मिमी और सपोटरा में 17 मिमी बारिश हुई। वहीं, सवाई माधोपुर के बामनवास में 44 मिमी और वजीरपुर में 13 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजसमंद के रेलमगरा में 24 मिमी, सिरोही के पिंडवाड़ा में 21 मिमी और माउंट आबू में 16 मिमी, उदयपुर के गोगुंदा में 12 मिमी तथा बांसवाड़ा में 13 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा टोंक, सीकर, पाली, झालावाड़, हनुमानगढ़, धौलपुर, चित्तौड़गढ़, कोटा, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, बारां और अजमेर में भी कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई।
जयपुर में दिनभर छाए रहे बादल
राजधानी जयपुर में शुक्रवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। हालांकि, शाहपुरा में बारिश दर्ज की गई। शहर के अन्य ग्रामीण और शहरी इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही और कुछ स्थानों पर धूप भी निकली। जयपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पूर्वी राजस्थान में बारिश, पश्चिमी हिस्से रहेंगे शुष्क
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में बारिश का प्रभाव मुख्य रूप से पूर्वी राजस्थान तक सीमित रहने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है।