राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने बीकानेर जिले की सभी सात नगरीय निकायों में मतदान की तारीखों में बदलाव किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी की सिफारिश और स्थानीय मेले-त्योहार, धार्मिक यात्राओं तथा सामाजिक संगठनों की मांग को देखते हुए आयोग ने यह निर्णय लिया है।
बीकानेर नगर निगम में अब 9 सितंबर को वोटिंग
नए आदेश के मुताबिक बीकानेर नगर निगम में पहले 11 सितंबर को मतदान प्रस्तावित था। अब यहां दो दिन पहले यानी 9 सितंबर को वोटिंग होगी। वहीं बीकानेर जिले की बाकी छह नगर पालिकाओं में मतदान की तारीख आगे बढ़ाई गई है। नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, खाजूवाला, लूणकरणसर और नापासर में अब 11 सितंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। इन निकायों में पहले 9 सितंबर को वोटिंग प्रस्तावित थी।
बीकानेर की 7 निकायों में नई वोटिंग डेट
बीकानेर नगर निगम में मतदान की तारीख 11 सितंबर से बदलकर 9 सितंबर कर दी गई है। वहीं नोखा, श्रीडूंगरगढ़, देशनोक, खाजूवाला, लूणकरणसर और नापासर नगर पालिकाओं में अब 9 सितंबर के बजाय 11 सितंबर को मतदान होगा।
यह भी पढें-
जयपुर: देर रात स्कूटी पर निकले कलेक्टर संदेश नायक, परकोटे में देखा सफाई का हाल
सीकर और पाली में भी बदली मतदान की तारीख
राज्य निर्वाचन आयोग इससे पहले सीकर और पाली की नगरीय निकायों में भी मतदान की तारीखों में बदलाव कर चुका है। पाली नगर निगम में पहले 9 सितंबर को मतदान प्रस्तावित था। अब 11 सितंबर 2026 को वोटिंग होगी। जैन समाज के पर्युषण महापर्व को देखते हुए मतदान की तारीख बदली गई है। वहीं सीकर के फतेहपुर नगर परिषद में पहले 11 सितंबर को मतदान प्रस्तावित था। आयोग ने इसे बदलकर अब 9 सितंबर 2026 कर दिया है। भाद्रपद अमावस्या के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न कुलदेवी मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह बदलाव किया गया है।
क्यों बदली गई मतदान की तारीख?
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए मतदान की तारीखों में बदलाव किया है। विभिन्न मेले, तीज-त्योहार, धार्मिक यात्राओं और त्योहारों के दौरान संभावित भीड़ के साथ सामाजिक संगठनों की मांग और जिला निर्वाचन अधिकारियों की सिफारिश को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया।