फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan Election 2023 Live: मोदी-मोदी की गूंज के बीच PM का रोड शो, तीन सीटों के मतदाताओं को साधने का प्रयास

Tue, 21 Nov 2023 08:28 PM IST
अर्पित याज्ञनिक न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

PM Modi in Rajasthan: राजस्थान के करौली में मंगलवार को पीएम मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं, विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अपना जनघोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने इसे जारी करते हुए जनता से कई वादे किए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:26 PM, 21-Nov-2023

जयपुर में पीएम मोदी का रोड शो करीब एक घंटे चला। इस दौरान उन्होंने खुली जीप में सवार होकर तीन विधानसभा सीटों को कवर किया। ये तीनों सीटों मुस्लिम बहुल्य सीटें मानी जाती हैं। वर्तमान में यहां कांग्रेस का कब्जा है। मोदी के रोड शो के जरिए भाजपा ने यहां जीत पक्की करने की कोशिश की है।  

07:26 PM, 21-Nov-2023

रोड शो के दौरान पीएम मोदी का स्वागत करने के लिए 40 मंच व्यापार मंडलों ने लगाए हैं। वहीं, 10 मंच प्रत्याशियों और पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए हैं। पीएम के रोड शो के दौरान मोदी-मोदी की गूंज सुनाई दे रही है। 

06:58 PM, 21-Nov-2023

तीनों सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी
 

सीट भाजपा कांग्रेस
हवामहल बालमुकुन्द आचार्य आरआर तिवारी
किशनपोल चन्द्रमोहन बटवाडा अमीन कागजी
आदर्श नगर रवि नय्यर रफीक खान

विज्ञापन
06:56 PM, 21-Nov-2023

रोड शो के जरिए तीन सीटों पर फोकस
पीएम मोदी का रोड शो तीन विधानसभा सीटों को कवर कर रहा है। इसमें किशनपोल, हवामहल और आदर्श नगर विधानसभा सीट शामिल हैं। वर्तमान में इन तीनों सीटों पर ही कांग्रेस का कब्जा है। ये तीनों सीटें ही मुस्लिम बाहुल्य सीटें मानी जाती हैं। भाजपा ने इस चुनाव में इन तीनों सीटों पर नए प्रत्याशियों को मौका दिया है। ऐसे में भाजपा पीएम मोदी के रोड के जरिए इस तीनों सीटों पर कमल खिलाने की कोशिश में है।  

06:52 PM, 21-Nov-2023

पीएम मोदी का जयपुर में यह पहला रोड शो है। ये सांगानेरी गेट से शुरू होकर बापू बाजार, नेहरू बाजार से गुजरते हुए किशनपोल पहुंचेगा। जहां से छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार होते हुए बड़ी चौपड़ और जौहरी बाजार होते होकर सांगानेरी गेट पहुंचकर खत्म होगा।

विज्ञापन
06:40 PM, 21-Nov-2023

पीएम नरेंद्र मोदी करौली में सभा करने के बाद जयपुर पहुंचे। जिसके बाद पीएम मोदी का रोड शो शुरू हुआ। हालांकि, तय समय के अनुसार इसमें आधा घंटे की देरी हो गई। पीएम मोदी खुली जीप में सवार होकर चार किलोमीटर लंबे रोड शो पर निकले हैं। उनके साथ जीप पर प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी मौजूद हैं।     
 

05:36 PM, 21-Nov-2023
भाजपा नेता सीपी जोशी और सीएम अशोक गहलोत - फोटो : अमर उजाला

'कांग्रेस का घोषणा पत्र आलू से सोना बनाने वाला'

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को आलू से सोना बनाने वाला और सब्जबाग दिखाने वाले बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस प्रकार 2018 में झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया, वही प्रयास इस घोषणा पत्र में साफ दिखाई देता है। 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि मोदी सरकार की आयुष्मान भारत योजना का नाम बदलकर गहलोत सरकार की चिरंजीवी योजना किया है। घोषणा पत्र में न तो पेपर लीक के बारे में प्रावधान है और न ही नारी सुरक्षा के बारे में कुछ कहा गया है।

05:27 PM, 21-Nov-2023

कांग्रेस नेता अलका लांबा ने प्रधानमंत्री मोदी से मांगे जवाब

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने अजमेर प्रवास के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कह रहे हैं कि कोविड-19 संक्रमण में पूरी रात जागकर काम करता था, उसके बावजूद यमुना में बहती हुई लाशों का प्रबंधन क्यों नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह राजस्थान में डीजल-पेट्रोल के महंगे होने पर कांग्रेस की सरकार को कोसते हैं। अलका राष्ट्रीय प्रवक्ता लांबा ने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि राजस्थान में डीजल पेट्रोल की कीमतों की तुलना हरियाणा से क्यों करते हैं, मध्य प्रदेश से क्यों नहीं करते। मध्य प्रदेश में राजस्थान से महंगा पेट्रोल और डीजल है।



अलका ने कहा कि भाजपा नेता राजस्थान में महिला उत्पीड़न पर अमर्यादित और विवादित बयान देकर महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। राजस्थान में महिला उत्पीड़न पर कांग्रेस की सरकार की सुशासन से अपराधियों पर लगाम लगाई जा रही है। वहीं, भाजपा शासित हरियाणा और उत्तर प्रदेश में महिला उत्पीड़न करने वाले भाजपा नेताओं एवं अपराधियों  को सरकार बचा रही है। उन्होंने कहा कि हम विकास के नाम पर वोट मांग रहे हैं और वह जाति-धर्म और राम मंदिर के नाम पर वोट मांग रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह विकास के नाम पर वोट क्यों नहीं मांग रहे हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन राज्यों में डबल इंजन की सरकार है, वहां महंगाई चरम सीमा पर है। अगर भाजपा आमजन को महंगाई से राहत देना चाहती है तो भाजपा शासित प्रदेशों में गैस सिलेंडर में तत्काल 450 रुपये में उपलब्ध कराए। वोट मांगने के लिए जुमलेबाजी न करे।

05:21 PM, 21-Nov-2023

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस के घोषणा-पत्र को बताया झूठ का पुलिंदा

जयपुर में भाजपा प्रदेश मीडिया सेंटर पर प्रेसवार्ता को संबोधित कर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस के घोषणा-पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया उन्होंने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। शेखावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 15 साल तक शासन किया और तीन बार एक ही व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनने का मौका दिया। लेकिन सिवाय प्रदेश को रेप कैपिटल बनाने, किसानों की जमीनें नीलाम करने और युवाओं से पेपर लीक के नाम पर छलावा करने के कुछ भी नहीं किया।



शेखावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 2018 में भी घोषणा पत्र जारी किया था जो कि महज 44 पेज का था। उसमें कांग्रेस पार्टी ने जो वादे और घोषणाएं की थी, उनमें से एक भी पूरा नहीं किया। इसलिए अबकी बार दोगुना 85 पेज का घोषणा पत्र लेकर आए हैं। कांग्रेस ने 2023 के घोषणा पत्र के प्राक्कथन में लिखा है कि हमने 2018 के जन-घोषणा पत्र में किए गए 96 प्रतिशत वादे पूरे किए हैं। आप समझ सकते हैं कि झूठ की शुरूआत प्राक्कथन से ही कर दी गई है।
 

05:03 PM, 21-Nov-2023

पीएम ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए गिनाए दंगे
पीएम मोदी ने कहा कि राज्य में कानून का राज हो यह राज्य की पहली जिम्मेदारी होती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जब से यहां कांग्रेस की सरकार बनी है तब से राजस्थान में हर तीज-त्योहार के दौरान दंगे होते रहे हैं। एक तरह से हर वर्ष राजस्थान में कोई न कोई बड़ा दंगा जरूर हुआ है। मैं छोटे दंगों की बात नहीं कर रहा हूं। मैं बड़े दंगों की बात करता हूं, जिसने देश को चौंका दिया। अक्टूबर 2019 में टोंक में बड़ा दंगा, 2020 में डूंगरपुर में बड़ा दंगा, 2021 में झालावाड़ और बारां में दो बड़े दंगे और 2022 में फिर कांग्रेस ने जोधपुर और करौली को दंगों की आग में झोंक दिया।

उन्होंने कहा कि पिछले साल नववर्ष की शोभायात्रा के दौरान करौली में जो कुछ हुआ क्या आप लोग उसे भूल सकते हैं क्या। यहां पत्थरबाजी में कितने ही लोग लहू-लुहान हो गए, घायल हो गए, कितनों का व्यापार-कारोबार चौपट हो गया। कहीं परशुराम जयंती पर हमला, कहीं नववर्ष की शोभायात्रा पर हमला और कभी दशहरे के जुलूस पर हमला। ये हमले क्यों रुकते नहीं हैं भाई। ये हमले इसलिए नहीं रुकते हैं क्योंकि दंगों के आरोपी मुख्यमंत्री के आवास पर दावत करते हैं। ये अपराधियों को दावत दे क्या वो कांग्रेस आपकी रक्षा कर सकती है।

पीएम ने कहा कि आपके पास बंगला, गाड़ी, खेत-खलिहान और सभी सुख-सुविधाएं हों जीवन में कोई कमी न हो। इसके बाद भी आपका जवान बेटा-बेटी शाम घर न लौटे और उसकी डेडबॉडी आ जाए तो ये सुख-सुविधाएं किस काम की। अगर आपको रक्षा नहीं मिलती है, अगर आपका जीवन सुरक्षित नहीं है, बेटा बाहर जाए तो शाम को घर लौटेगा कि नहीं लौटेगा इसका मां-बाप को तनाव हो तो रुपयों का क्या करोगे दोस्तों। इसलिए शांति और सुरक्षा राजस्थान में विकास के लिए बहुत जरूरी है।

04:34 PM, 21-Nov-2023

भाजपा के शीर्ष नेता मोदी ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के इस पंजे ने राजस्थान के लोगों को त्रस्त कर दिया है। इसलिए जनता ने भी ठान लिया है कि अब कांग्रेस को वापस नहीं आने देना है। कांग्रेस का जाना तय है, विदाई पक्की है। हमारे कांग्रेस के जादूगर साहब अब कुछ दिन के लिए सीएम की कुर्सी पर हैं। 

पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। यहां पर जादूगर दुनिया भर का जादू कर ले, काला जादू कर ले, जो भी कमाल करना है कर ले, लेकिन राजस्थान की जनता के जादू के सामने इस जादूगर की कोई ताकत नहीं चल सकती। जादूगर के देखते-देखते ही तीन दिसंबर को कांग्रेस छूमंतर हो जाएगी।
 

03:52 PM, 21-Nov-2023

भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
राजस्थान के करौली की चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि करौली और धौलपुर जादूगर को साफ-साफ संदेशा दे रहा है। तीन दिसंबर जादूगर ही छूमंतर। तीन दिसंबर कांग्रेस ही छूमंतर। 

उन्होंने कहा कि आज यहां करौली के लोगों को, राजस्थान के लोगों को कांग्रेस के पंजे सावधान करने के लिए आया हूं। वैसे कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने खुद सार्वजनिक तौर पर इस बात को स्वीकार किया था कि दिल्ली से एक रुपया निकलता है तो गांव तक जाते-जाते 15 पैसा हो जाता है। यह बात उन्होंने तब कही थी जब पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक कांग्रेस का ही राज था और कोई नहीं था। तब उन्होंने कहा था कि दिल्ली से एक रुपया निकलता है, पंद्रह पैसा पहुंचता है। मतलब 85 पैसा गायब हो जाता है न। मैं पूछना चाहता हूं कि वो कौन सा पंजा था जो रुपये के 15 पैसे कर देता था।

02:16 PM, 21-Nov-2023

02:10 PM, 21-Nov-2023
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे। - फोटो : Amar Ujala Digital

खरगे ने प्रधानमंत्री को बताया झूठों का सरदार
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि अभी पिछले घोषण पत्र में हमने जो वादे किए थे उनकों अशोक गहलोत और पार्टी के नेताओं ने मिलकर पूरा किया। सरकार ने 95 प्रतिशत वादे पूरे किए। अगर किसी घोषणा पत्र में किए हुए वादे कोई सरकार 90 प्रतिशत भी पूरे करती है तो बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। कांग्रेस ने तो 95 प्रतिशत वादे पूरे किए हैं। खरगे ने कहा जब हम मनरेगा स्कीम लाए तो बीजेपी वालों ने बहुत सवाल किए, लेकिन सोनिया गांधी और मनमोहन जी ने उसे पूरा करके दिखाया। ये बीजेपी वाले तो बस गालियां देते हैं, इनके बस तो कुछ है नहीं बस गालियां देते हैं। मोदी जी जहां जाते हैं, जिस रैली में जाते हैं, मुझे गालियां देते हैं। अब तो अशोक गहलोत को भी गाली देने लगे हैं। मेरे लिए कहते हैं कि मैंने उनके बाप को गालियां दीं। मैं भला उनकों क्यों गाली देने लगा, वो तो बेचारे राजनीति में भी नहीं थे। उनके खिलाफ बोलने का मेरा तो कोई अधिकार नहीं बनता। मैं उनके पिता का अपमान करके कहां जाऊंगा। मैं खुद अपनी मां को 75 साल पहले खो चुका हूं। हम कभी किसी को ऐसा कहते ही नहीं, लेकिन झूठों क सरदार हर बार ऐसी बाते बोलता है।

01:35 PM, 21-Nov-2023
बारां के अंता में सभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री मोदी। - फोटो : Amar Ujala Digital

पीएम ने दिया नारा 'राजस्थान की यही पुकार, आ रही है भाजपा सरकार'
बारां के अंता में जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि ये प्यार ये आशीर्वाद दिखाता है कि राजस्थान में परिवर्तन की भावना कितनी प्रचंड है। 'राजस्थान की यही पुकार आ रही है भाजपा सरकार'।
साथियों यहां के लोगों का भाजपा से खास रिश्ता रहा है। इस धरती ने भाजपा को दो मुख्यमंत्री दिए हैं। आज भारत की आजादी को 75 वर्ष पूरे हो गए हैं, और अब हमारे सामने विकसित भारत का लक्ष्य है। अब आप ये जान लीजिए कि राजस्थान को विकसित बनाए बिना भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य अधूरा है। जब तक भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टिकरण नाम के देश के तीन दुश्मन हमारे बीच हैं, तब तक ये लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता है। कांग्रेस इन तीन बुराइयों की सबसे बड़ी प्रतीक है।

12:38 PM, 21-Nov-2023
वल्लभनगर में जनसभा करते राहुल गांधी। - फोटो : Amar Ujala Digital

बीजेपी नफरत और डर क्यों फैलाती है?
वल्लभनगर में जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने जनता को बताया बीजेपी का सिस्टम कैसे काम करता है। राहुल ने कहा कि नफरत का कारण बेरोजगारी और महंगाई है। बीजेपी का सिस्टम आपका ध्यान बेरोजगारी और महंगाई से हटाने के लिए आपको नफरत की ओर ले जाता है। बीजेपी का लक्ष्य है कि हिंदुस्तान के गरीबों को, मजदूरों को, किसानों को, दलितों को धन न मिले। वो चाहते हैं कि इस सोने की चिड़िया का पूरा का पूरा धन अरबपतियों के हाथ में रहे।



आदिवासी और वनवासी शब्द में क्या फर्क है
यहां आदिवासी बैठे हैं। हम आपको आदिवासी कहते हैं और वो आपको वनवासी कहते हैं। आदिवासी का मतलब है वो जो लोग जो हिंदुस्तान की इस धरती के, भारत माता के पहले मालिक थे। इस देश में जो भी जमीन है, जो भी जल है या जंगल है वो सबसे सबसे पहले आदिवासियों का हुआ करता था। अब इस शब्द के अंदर बहुत कुछ छिपा हुआ है। अगर हम मानते हैं कि आप पहले मालिक हो तो हमें आपको जमीन, पानी का अधिकार देना पड़ेगा। अब बीजेपी ने इसके लिए नया शब्द निकाला वनवासी। वनवासी का मतलब वो लोग जो जंगल में रहते हैं। आपको कोई अधिकार नहीं है। आप तो जानवर जैसे हो। वनवासी का ये मतलब है।

12:20 PM, 21-Nov-2023

11:30 AM, 21-Nov-2023

आज भी बीजेपी-कांग्रेस के दिग्गज पहुंचे राजस्थान
अंतिम दौर पर पहुंच चुके राजस्थान चुनाव को लेकर पार्टियों ने अपने दौरे और रैलियों का सिलसिला तेज कर दिया है। बीजेपी से प्रधानमंत्री मोदी लगातार दूसरे दिन मंगलवार को राजस्थान के दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी आज जयपुर में 5:30 बजे जयपुर पहुंचेंगे। वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आज लगातार दूसरे दिन राजस्थान का दौरा करेंगे। कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी भी राजस्थान का दौरा करने पहुंच रहे हैं।

राहुल गांधी आज उदयपुर और जालौर का दौरा करेंगे। राहुल गांधी 11 बजे उदयपुर और दोपहर एक बजे जालौर में जनसभा करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सुबह दस बजे उदयपुर पहुंचेंगे, इसके बाद वो दिनभर अलग-अलग जगह जनसभा करके तीन बजे लखनऊ वापसी करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
  • जयपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो।
  • शाम को 5:30 बजे पहुंचेंगे जयपुर एयरपोर्ट।
  • 5:35 पर सड़क मार्ग से जयपुर एयरपोर्ट से जवाहर सर्किल,ओटीएस चौराहा,गांधीनगर सर्कल,जेडीए सर्किल अल्बर्ट हॉल और एमआई रोड होते हुए शाम 5:50 पर पहुंचेंगे सांगानेरी गेट।
  • 6:00 बजे सांगानेरी गेट से रथ में सवार होकर प्रधानमंत्री का शुरू होगा रोड शो।
  • यह रोड शो बापू बाजार,नेहरू बाजार होते हुए शाम 6:20 पर किशनपोल बाजार पहुंचेगा।
  • उसके बाद 6:40 पर छोटी चौपड़ पहुंचेंगे प्रधानमंत्री।
  • छोटी चौपड़ से 6:50 पर त्रिपोलिया बाजार गेट पहुंचेंगे प्रधानमंत्री।
  • 7:00 बजे बड़ी चौपड़ पहुंचेंगे प्रधानमंत्री।
  • उसके बाद जोहरी बाजार होते हुए शाम 7:20 पर सांगानेरी गेट पहुंचेंगे प्रधानमंत्री।
  • शाम 7:25 पर पीएम जयपुर एयरपोर्ट होंगे रवाना।
  • 7:40 पर जयपुर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होंगे प्रधानमंत्री।

10:42 AM, 21-Nov-2023
वॉररूम में जारी हुआ कांग्रेस का घोषणापत्र। - फोटो : Amar Ujala Digital

कांग्रेस के जन घोषणा पत्र  2023 की घोषणाएं
  • युवाओं के लिए 10 लाख नए रोजगार सृजित किए जाएंगे।
  • चार लाख नई सरकारी नौकरियां दी जाएगी।
  • महिलाओं की सुरक्षा के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।
  • परिवहन में जारी यात्रा किराए में छूट के अतिरिक्त फ्री मासिक कूपन जारी होंगे।
  • महिला सुरक्षा हेतु प्रहरियों की नियुक्ति होगी।
  • किसानों के लिए एमएसपी हेतु कानून बनेगा।
  • दो लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त कर्ज दिया जाएगा।
  • श्रमिकों के लिए मनरेगा में रोजगार की अवधि बढ़ाकर 150 दिन होगी।
  • इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में रोजगार की अवधि बढ़ाकर होगी 150 दिन।
  • ऑटो व टैक्सी ड्राइवर को गिग वर्कर्स अधिनियम में शामिल किया जाएगा।
  • चिकित्सा क्षेत्र में चिरंजीवी स्वास्थ्य सुरक्षा बीमा की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपए होगी।
  • नि: संतान दंपति हेतु आईवीएफ नेशनल पैकेज चिरंजीवी में शामिल होगा।

10:22 AM, 21-Nov-2023

पिछले सप्ताह बीजेपी ने जारी किया था अपना घोषणापत्र
बीजेपी अपना घोषणा पत्र पिछले सप्ताह ही जारी कर चुकी है। वहीं, सोमवार को अजमेर में चुनावी रैली के लिए पहुंचीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने बीजेपी पर धर्म और जाति की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रियंका ने कहा कि जो लोग धर्म या जाति के नाम पर वोट मांगते हैं। वे अपने काम के आधार पर वोट नहीं मांग सकते।

10:08 AM, 21-Nov-2023

सरकार का दावा 90 प्रतिशत से ज्यादा वादे पूरे किए 
पिछले विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस ने जिस जन घोषणा पत्र को जारी किया था उसे सत्ता में आते ही कैबिनेट से अप्रूव करवाकर नीति निर्धारक पत्र का दर्जा दिया गया। सरकार ने दावा किया कि उस घोषणा पत्र में किए 90 प्रतिशत से ज्यादा वादे सरकार पूरे कर चुकी है। 

09:42 AM, 21-Nov-2023

पहले ही जारी हुईं सात गारंटियां
इस घोषणा पत्र से पहले ही कांग्रेस राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए 7 गारंटियां जारी कर चुकी है। इसमें महिलाओं को सालाना 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, 500 रुपये में सभी को गैस सिलेंडर, सरकारी कॉलेज के प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाले युवाओं को फ्री टैब या लैपटॉप, 25 लाख रुपये का आपदा राहत बीमा और किसानों से गोबर की खरीद, सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना के लिए कानून व सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी मीडियम स्कूलों को बढ़ावा देने की घोषणा शामिल है।

09:08 AM, 21-Nov-2023

Rajasthan Election 2023 Live: मोदी-मोदी की गूंज के बीच PM का रोड शो, तीन सीटों के मतदाताओं को साधने का प्रयास

कांग्रेस आज विधानसभा चुनावों के लिए अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। इसमें किसानों के लिए बड़ा एलान होगा। इसमें फसल खरीद के लिए एमएसपी सबसे बड़ी घोषणा हो सकती है। इसके अलावा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत को लेकर भी ऐलान संभव है। इसके अलावा जिस बीपीएल श्रेणी के परिवारों को 400 रुपये में गैस सिलेंडर की घोषणा भी इसमें हो सकती है।

इनके अलावा युवाओं को सालाना 2.5 लाख से ज्यादा रोजगार, बिजली पर सब्सिडी जारी रखने , किसानों के लिए वन टाइम सेटलमेंट स्कीम, छात्राओं के लिए स्कूटी और महिलाओं के लिए मोबाइल जैसी घोषणाएं भी इसमें देखने को मिल सकती हैं। 
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें