जयपुर की कोटखावदा थाना पुलिस ने कंगला गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जयपुर में कंगला गैंग के पुलिस टीम पर लाठी-सरियों से जानलेवा हमला भी कर चुकी है। जयपुर के साथ ही टोंक जिले में भी गैंग एक दर्जन से अधिक लूट की वारदात कर चुकी है। पुलिस पूर्व में गैंग के सरगना सहित कई बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण दिगंत आनंद ने बताया कि कोटखावदा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम पर लाठी-सरिए से जानलेवा हमला करने वाली कंगला गैंग के बदमाश महेंद्र कुमार मीना (20) पुत्र शंकर लाल मीना निवासी गांव ठिकरिया मीना कोटखावदा और जितेश मीना उर्फ जीतू (25) पुत्र पप्पूलाल मीना निवासी गांव संपत पुरा कोटखावदा को गिरफ्तार किया।
कोटखावदा पुलिस को देर रात मुखबिर से कंगला गैंग के बदमाश महेंद्र कुमार मीना और जितेश मीना उर्फ जीतू के कोटखावदा में छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने दबिश देकर लूट मामले में वांछित दोनों बदमाशों को दबिश देकर पकड़ लिया। पूछताछ में कंगला गैंग के सरगना सहित बदमाशों ने जयपुर और टोंक में लूट की दर्जनों वारदात करना स्वीकार किया है।
सरगना को छुड़ाने के लिए हमला
प्रताप नगर थाना पुलिस 13 जुलाई को कंगना गैंग के सरगना व बदमाशों को पकड़ने कोटखावदा के ठिकरिया मीनान गांव गई थी। पुलिस टीम ने कंगला गैंग के सरगना कृष्ण कुमार मीना उर्फ के के मीना व उसके साथियों को पकड़ लिया। पुलिस टीम पर गैंग सरगना के.के.मीना, उसके साथियों व परिवार के लोगों ने लाठी-सरिए से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। पुलिस टीम को घायल कर सरगना के.के.मीना व उसके साथियों को छुड़ा ले गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर के सरगना के.के मीना, बदमाश रामकेश मीना, रामवतार मीना, राजू लाल मीना, रामफूल मीना, मीरा देवी, छोटी दवी, सियाराम मीना व दयाराम मीना को अरेस्ट कर जेल भेज दिया था।
खिड़की तोड़कर दुकान से पुखराज-नीलम चोरी
मणकचौक थाना इलाके में चोर खिड़की तोड़कर दुकान में घुसे और वहां पर रखे पुखराज, नीलम और हीरे ले गए। इनकी कीमत करीब एक लाख रुपए से ज्यादा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार नीलकंठ कॉलोनी वैशाली नगर निवासी नोरतन सैनी मामला दर्ज करवाया कि उसकी तेलीपाड़ा में जवाहरात की दुकान है। वह रात को दुकान पर बंद कर घर चला गया। अगले दिन जब वह दुकान पर आया तो उसे दुकान में रखा सामान कम मिला। इस पर जांच पड़ताल शुरू की तो दुकान की खिड़की टूटी नजर आई। चोर दुकान की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और वहां से 60 हजार रुपए के पुखराज और 50 हजार रुपए के नीलम और हीरे ले गए। घटना का पता उसे दुकान पहुंचने पर लगा।
बाइकर्स गैंग का आतंक: दो युवकों से छीन ले गए मोबाइल
शहर में बाइकर्स गैंग ने आमजन की नाक में दम कर रखा है। बदमाशों दो लोगों को शिकार बनाकर मोबाइल छीनकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। रामनगरिया थाना इलाके में बाइक सवार दो बदमाश एक छात्र के हाथ पर झपट्टा मार कर मोबाइल छीनकर ले गए। पुलिस के अनुसार हीरादास भरतपुर निवासी कपिल ने मामला दर्ज करवाया कि वह रामनगरिया में पीजी में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। वह पीजी से वीआईटी कॉलेज की तरफ जा रहा था इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए।
घटना रात करीब आठ बजे की है। इस पर पीड़ित ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया। पुलिस मामले में आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। दूसरी घटना में बगरू थाना इलाके में बाइक सवार तीन बदमाश एक फैक्ट्री गार्ड से मोबाइल छीनकर ले गए। पुलिस के अनुसार बगरू एंडवांस एग्रो फैक्ट्री के बाहर तैनात विजय शंकर ने मामला दर्ज करवाया कि वह फैक्ट्री में गार्ड के पर तैनात है। वह फैक्ट्री के बाहर खड़ा था इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश आए और उसके हाथ पर झपट़्टा मार कर मोबाइल छीनकर ले गए। इस पर पीडित ने थाने पहुंच कर मामला दर्ज करवाया।
5 लाख 47 हजार लूटने से बचे
बस्सी थाना इलाके में स्थित कृषि उपज मंडी के पास बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के बाहर लगे एटीएम को लूटने का प्रयास किया गया। वहीं बैंक की शाखा की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले विद्यार्थियों की सजगता से लुटेरे वहां से भाग छूटे। परन्तु बैंक के एटीएम में आग लगने से उसमें रखी नकदी जल गई। इस मामले में सीएमएस कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव खलील अहमद ने थाने में मामला दर्ज कराया है।
जांच अधिकारी एसआई मनोज कुमार ने बताया कि रविवार मध्य रात्रि को एक पिकअप में सवार होकर आए करीब आधा दर्जन लुटेरों ने पिकअप को एटीएम केबिन के बाहर खड़ा कर दिया। बाद में एक व्यक्ति पिकअप में ही सवार रहा। एक व्यक्ति पिकअप के बाहर खड़ा रहा व तीन से चार व्यक्ति एटीएम में चले गए। एटीएम में घुसे लुटेरों ने एटीएम को काट कर लूटने का प्रयास कर एटीएम के बोल्ट व अन्य पार्ट्स को भी काट दिया।
लेकिन एटीएम में जिस जगह पर कैश रखा था उस जगह आग लग गई जिससे कैश जल गया। पुलिस ने बताया कि सीएमएस कंपनी के एग्जीक्यूटिव ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि घटना के समय एटीएम में 5 लाख 47 हजार 200 रुपए थे। पुलिस ने बताया कि बैंक की शाखा के ऊपर कुछ कमरे बने हुए है जिसमें करीब आधा दर्जन विद्यार्थी रहते है। रात्रि को जब पिकअप एटीएम के बाहर आकर रुकी तो एक विद्यार्थी ने बाहर देखा तो उसे पिकअप खड़ी दिखी। इसको सामान्य घटना मान वह वापस सो गया। कुछ ही मिनटों बाद एटीएम को तोड़ने के दौरान कटर चलने व अन्य आवाज आने पर सभी विद्यार्थियों ने छत की बालकनी से देखा तो एक लुटेरा पिकअप में बैठा दिखा।
एक पिकअप के बाहर दिखा। इस पर उन्होंने अनहोनी की आशंका के चलते मोबाइल में वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जब वह वीडियो बना रहे थे, इसी दौरान बाहर खड़े एक लुटेरे की नजर विद्यार्थियों पर पड़ी। तब ही बाहर खड़े लुटेरे ने एटीएम में घुसे साथियों को आवाज लगाकर आगाह कर दिया। तभी एटीएम के अंदर घुसे लुटेरे कटर मशीन व अन्य सामान लेकर बाहर आए तो विद्यार्थियों ने हल्ला मचा दिया।
जिससे सभी लुटेरे पिकअप में सवार होकर भाग छूटे। इससे लुटेरे एटीएम में रखे कैश को नहीं ले जा सके। हल्ला सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो एटीएम में आग लगी दिखाई दी। इस पर पुलिस ने विद्युत निगम के अधिकारियों को फोन कर कुछ समय के लिए विद्युत सप्लाई बंद करवा दी।
पूजा पाठ के बहाने बुलाकर पंडित को फंसाकर महिला ने रचाई शादी
करधनी थाना इलाके में पूजा पाठ के बहाने बुलाकर महिला ने पंडित को फंसाकर उससे शादी रचा ली और फिर महिला पीड़ित के घर से ट्रक में भरकर सामान भी ले गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। जांच अधिकारी एसआई राजपाल ने बताया कि जयपुर के रहने वाले 32 वर्षीय एक युवक ने मामला दर्ज करवाया कि वह धार्मिक अनुष्ठान का काम करता है। साल 2019 में कथा आयोजन के दौरान उसकी मुलाकात लड़की से हुई थी। बातचीत के दौरान लड़की ने गृह दोष मिटाने के लिए घर पर पूजा करवाने की बात कही। पूजा कराने के लिए घर बुलाकर बंधक बना लिया।
विरोध करने पर धमकाया कि चुपचाप यहां नहीं बैठे तो शोर मचाकर आस-पड़ोसियों को बुला लेगी। जोर-जबरदस्ती करने का आरोप लगाकर जेल भिजवा देगी। धमकी देकर उसका वीडियो बना लिया। शादी नहीं करने पर झूठे केस में फंसा कर बदनाम करने की धमकी दी। दिसंबर 2019 में आरोपित लड़की उसे अपने साथ गाजियाबाद उत्तर प्रदेश ले गई। गाजियाबाद में खुद को अविवाहित बताकर आर्य समाज में शादी कर मैरिज सर्टिफिकेट बनवा लिया।
इसके बाद जयपुर में किराए का मकान लेकर रहने लगे। काम पर जाने के बाद घर पर अनजान लोग आने-जाने लगे। एतराज जताते हुए मकान मालिक ने घर खाली करवा लिया। दूसरी जगह लोन लेकर मकान बनाकर रहने के दौरान भी अनजान लोगों का आना-जाना बंद नहीं हुआ। नवंबर 2024 में घर आने पर दो लड़के मौजूद मिले। इनमें से एक लड़का उनके घर ही रहने लगा। विरोध करने पर आरोपित लड़की ने धमकाया कि ये एक बहुत बड़ी गैंग का शूटर है, जेल से छुटकर आया है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
जनवरी-2024 के पहले सप्ताह में वह किसी काम से बाहर गया था। 7 जनवरी को वापस आने पर घर खाली मिला। आस-पड़ोसियों से पूछने पर पता चला कि 5 जनवरी को कुछ लोगों के साथ पत्नी कैश-गहने के साथ घर का सामान-फर्नीचर ट्रक में भरकर ले गई है। जानकारी करने पर पता चला कि कुंवारा बताकर लडकी ने उससे शादी की है। उसके एक बेटा भी है। शादीशुदा होने के बाद भी साल 2019 में खुद को कुंवारा बताकर आर्य समाज में शादी कर मैरिज सर्टिफिकेट बना लिया। दो साल बाद फरवरी 2021 में आरोपित लडकी का अपने पहले पति से सहमति से तलाक हुआ है। धोखे का पता चलने पर पीड़ित ने कोर्ट से आदेश करवाकर करधनी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
तीन साल से फरार दस हजार का इनामी दुष्कर्मी को पुलिस ने दबोचा
शास्त्री नगर थाना पुलिस ने तीन साल से फरार दस हजार रुपए के इनामी दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार नाम और ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच के चलते आखिरकार बिहार के नवादा जिले से दबोच लिया गया।
थानाप्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि 6 जनवरी 2022 को परिवादी ने अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी को लेकर शास्त्रीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी बेटी पास के एक मकान में जाने का कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, मगर जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस जांच में सामने आया कि नाबालिग को एक आरोपी बहला-फुसलाकर बिहार ले गया और घटना के बाद से ही फरार है।
मामला पॉक्सो एक्ट और बलात्कार से जुड़ा होने के कारण इसे गंभीर अपराध मानते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस को उसके मोबाइल नंबरों की सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) की मदद से संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन हर बार वह बच निकलता। वह बिहार, गोवा और मुंबई में अपना नाम बदलकर रहने लगा तथा अपने घरवालों से भी संपर्क नहीं कर रहा था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। तकनीकी निगरानी और कई राज्यों में भेजी गई अलग-अलग टीमों ने लगातार उसका पीछा किया और आखिरकार पुलिस ने उसे नवादा, बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया।
राहगीरों से पर्स छीनकर भागने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार
सिंधी कैंप थाना पुलिस ने राहगीर से पर्स छीनकर फरार होने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का एटीएम कार्ड और वारदात में काम में ली गई बाइक भी बरामद की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम आलोक सिंघल ने बताया कि सिंधी कैंप थाना पुलिस ने राहगीर से पर्स छीनकर फरार होने वाले आरोपी अरबाज राजा पुत्र अबरार (23) और फाजील पुत्र शकील अहमद (22) जेपी कॉलोनी थाना भट्टा बस्ती, जयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अरबाज राजा और फाजील शातिर अपराधी हैं, जो लोगों से झगड़े का नाटक कर उनका ध्यान भटकाते है और मौका पाकर पर्स, मोबाइल व नकदी छीनकर फरार हो जाते थे। इन दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनसे आगे की पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि पीड़ित रामनरेश मीणा ने गत 9 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, वह सुबह करीब 10 बजे सिंधी कैंप बस स्टैंड पर खड़ा था, तभी एक बाइक पर सवार 2-3 लड़कों ने पहले झगड़ा करने का नाटक किया और फिर झपट्टा मारकर उसका पर्स छीन लिया। पर्स में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एचडीएफसी बैंक का एटीएम कार्ड और 6 हजार रुपए की नगदी थी। पीड़ित ने भागते हुए बदमाशों की बाइक का नंबर देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सिंधीकैंप में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस पर पुलिस ने तुंरत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पकड़ा है।
राहगीरों से मोबाइल लूटने वाले एक शातिर मोबाइल लुटेरा गिरफ्तार
खोह नागोरियान थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहगीरों से मोबाइल लूटने वाले एक शातिर मोबाइल लुटेरे को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने आरोपी के पास से लूटे गए बाइस मोबाइल फोन भी बरामद किए गए है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक बाइक भी बरामद की। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे के लिए शहर में कई मोबाइल लूट की वारदात कर चुका है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व तेजस्वनी गौतम ने बताया कि पुलिस थाना खोह नागोरियान ने राहगीरों से मोबाइल लूटने वाले एक शातिर मोबाइल लुटेरे वसीम कुरैशी निवासी माणक चौक जयपुर हाल खोह नागोरियान को गिरफ्तार किया है। इससे पहले भी आरोपी वसीम कुरैशी कई वारदात कर चुका है। थानाधिकारी ओमप्रकाश मातवा ने बताया कि 6 फरवरी को परिवादी प्रदीप कुमार सिंह ने मामला दर्ज करवाया था कि 31 जनवरी को गोनेर तिराहा पर अपने घर जाने के लिए खड़ा था। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर एक लडका आया और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन कर भाग गया।
पीड़ित के पास आरोपी लुटेरे के बाइक नम्बर थे पीड़ित ने पुलिस को आरोपी के बाइक नम्बर आरजे 59 सीए 5210 था। इस पर पुलिस ने एक रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। जिस पर टीम गठित की गई टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक कराये। इस पर पुलिस ने आरोपी के हुलिए के आधार पर चिन्हित किया और आरोपी वसीम कुरैशी को बाइक के साथ वारदात से पहले पकड़ा। इस पर आरोपी से हुई पूछताछ के बाद पुलिस ने बाईस मोबाइल फोन रिकवर किये। वहीं आरोपी वसीम ने पूछताछ में बताया कि नशे के लिए वह इस तरह की वारदात करता हैं। मोबाइल को सस्ते दामों पर लोगों को बेच दिया करता हैं। पुलिस पूछताछ में कई वारदातें खुलने की आशंका जताई जा रही है।