मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले पिता का आशीर्वाद लेते भजनलाल शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पिता किशन स्वरूप शर्मा की तबीयत गंभीर बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के आईसीयू वॉर्ड में उनका इलाज चल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, सीएम भजनलाल शर्मा के पिता किशन स्वरूप शर्मा को शुक्रवार देर रात अचानक यूरिन में समस्या होने के बाद एसएमएस अस्पताल लाया गया। फिलहाल चिकित्सकों की टीम उनकी जांच और निगरानी कर रही है।
बता दें, शुक्रवार को ही सीएम भजनलाल शर्मा का जन्मदिन था। जन्मदिन के अवसर पर ही उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भाजपा विधायक दल के नेता भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले माता-पिता के पैर धोकर उनका आशीर्वाद लिया। सीएम शर्मा ने माता-पिता का आशीर्वाद लेने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा की थीं।
बेटे के शपथग्रहण समारोह में हुए थे शामिल
सीएम भजनलाल शर्मा के पिता किशन स्वरूप शर्मा शुक्रवार को बेटे के शपथग्रहण समारोह में शामिल हुए थे। वह समारोह में शामिल होने के लिए भरतपुर से जयपुर आए थे। देर रात उनकी तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।