सार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल का औचक निरीक्षण कर ओपीडी सेवाओं, दवा उपलब्धता, जांच सुविधाओं और साफ-सफाई की समीक्षा की। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर फीडबैक लिया और अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा विभागवार दवा-जांच काउंटर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को राजधानी जयपुर स्थित सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल का औचक निरीक्षण कर ओपीडी सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं, जांच सेवाओं और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
भीलवाड़ा दौरे से लौटने के बाद मुख्यमंत्री अचानक एसएमएस अस्पताल पहुंचे और धन्वंतरि भवन में संचालित मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक्स, कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी सहित विभिन्न विभागों की ओपीडी सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एसएमएस अस्पताल प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में शामिल है, जहां राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में बढ़ते मरीज भार को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को सुविधाओं का विस्तार करने और तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने की आवश्यकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को जांच या दवाओं के लिए एक विभाग से दूसरे विभाग में भटकना न पड़े। इसके लिए संबंधित ओपीडी में ही जांच और दवा वितरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को त्वरित और सुगम उपचार मिल सके।
यह भी पढें-
61 दिन का संघर्ष सफल: खत्म हुआ गिरल आंदोलन; रविंद्र भाटी ने की धरना समाप्ति की घोषणा, 24 मांगों पर बनी सहमति
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले लोगों को बेहतर और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एसएमएस अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में यहां चिकित्सा सुविधाओं और बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने चिकित्सा विभाग और अस्पताल प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जहां भी सुधार की गुंजाइश होगी, वहां सरकार आवश्यक कदम उठाने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़, एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी सहित वरिष्ठ चिकित्सक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।