Jaipur: कर्नल आलोक राज के जवाब पर अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि भर्ती परीक्षा के नतीजों में पहले से ही देरी हो रही है और इस तरह के बयान से छात्रों की भावनाओं का मजाक उड़ाया जा रहा है।
राजस्थान में पशु परिचर भर्ती परीक्षा के नतीजों का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष कर्नल आलोक राज ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा कि रिजल्ट की तारीख को लेकर उन्हें हनुमान जी से निर्देश मिले हैं, और उसी के अनुसार फैसला लिया जाएगा।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अभ्यर्थी नंदकिशोर ने सोशल मीडिया पर बोर्ड अध्यक्ष से सवाल किया कि 'सर, पवनपुत्र मेरे सपने में आए और बोले कि फौजी साहब बहुत अच्छे हैं, उनको बोलो पशु परिचर का रिजल्ट 25 मार्च तक जारी कर दें, ताकि पटवारी परीक्षा की तैयारी हो सके। क्या आप मानेंगे? इस पर कर्नल आलोक राज ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि 'संयोग से कल पवनपुत्र मेरे भी सपने में आए और बोले कि आज के युवा धैर्य नहीं रखते, सबकुछ झटपट चाहते हैं। उनको थोड़ा धैर्य सिखाओ और पशु परिचर का रिजल्ट 3 अप्रैल से पहले मत देना, हो सके तो 3 मई तक टालना। अब उनकी आज्ञा कौन टाले?'
अभ्यर्थियों में नाराजगी
बोर्ड अध्यक्ष की इस टिप्पणी पर कई अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि भर्ती परीक्षा के नतीजों में पहले से ही देरी हो रही है और इस तरह के बयान से छात्रों की भावनाओं का मजाक उड़ाया जा रहा है। अब देखना होगा कि कर्मचारी चयन बोर्ड कब तक रिजल्ट जारी करता है। अभ्यर्थियों की मांग है कि बिना देरी के परीक्षा परिणाम घोषित किए जाएं ताकि वे आगे की तैयारियों में जुट सकें।