राजस्थान के बजट पर विधानसभा में पिछले पांच दिन से चल रही बहस पर आज वित्त मंत्री दिया कुमारी अपना जवाब पेश करेंगी। हालांकि कांग्रेस विधायकों के निलंबन के चलते प्रतिपक्ष ने इस बहस में हिस्सा नहीं लिया और पूरा समय गतिरोध में ही निकल गया। निर्दलीय विधायक तथा बीजेपी विधायकों ने बजट बहस पर जो कुछ भी बोला उस पर आज वित्त मंत्री दिया कुमारी बिंदुवार जवाब देंगी।
विधानसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी। इसमें मुख्यमंत्री से जुड़े विभाग, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी से जुड़े विभाग, चिकित्सा विभाग, संसदीय कार्य विभाग, वन विभाग से संबंधित के सवालों के जवाब सदन में आएंगे। प्रश्नकाल के बाद विधानसभा की नियम समिति की ओर से सदन में प्रतिवेदन रखा जाएगा। नियम समिति के सदस्य दीप्ति किरण माहेश्वरी सदन के पटल पर यह प्रतिवेदन रखेंगी।
वहीं, सदन में चार वित्तीय समितियां के गठन किए जाने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इनमें जन लेखा समिति, प्राक्कलन समिति-क, प्राक्कलन समिति-ख, राजकीय उपक्रम समिति के गठन का प्रस्ताव रखा जाएगा। सदन की तरफ से प्रस्ताव पारित कर इन चारों समितियों के गठन का अधिकार विधानसभा अध्यक्ष को दिया जाएगा। इनमें से प्रत्येक समिति में अधिकतम 15 सदस्य शामिल होंगे।