कांग्रेस प्रत्याशी राजेश चौधरी
- फोटो : Amar Ujala
जयपुर नगर निगम चुनाव के प्रचार के बीच वार्ड नंबर 53 में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में मतदाताओं के बीच पहुंचकर मुद्दे उठा रहे हैं और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर के वार्ड 53 में भी राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं है
वार्ड 53 से चुनाव लड़ रहे निवर्तमान निगम नेता प्रतिपक्ष राजीव चौधरी ने मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक भजनलाल शर्मा पर क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। चौधरी ने कहा कि सांगानेर के मौजूदा हालात किसी से छिपे नहीं हैं। क्षेत्र में कई जगह सड़कें खराब हैं और लोगों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। राजीव चौधरी का आरोप है कि वार्ड 53 सहित सांगानेर के कई इलाकों में लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि कई परिवारों को अपनी जरूरत पूरी करने के लिए निजी स्तर पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। उनका कहना है कि गर्मी और पानी की समस्या के बीच आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए
राजीव चौधरी ने सड़क और पेयजल के साथ-साथ सीवर तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता जिन समस्याओं से रोजाना जूझ रही है, उनके समाधान की जरूरत है। राजीव चौधरी ने सांगानेर में नशे और ड्रग्स की समस्या को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सांगानेर में यदि किसी चीज का विकास हुआ है तो वह नशे और ड्रग्स का विकास है। इस बयान के बाद स्थानीय राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप और तेज होने की संभावना है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विकास कार्यों के दावों पर सवाल उठाते हुए उन्हें वार्ड 53 का दौरा करने की चुनौती दी। चौधरी ने कहा कि यदि सांगानेर में वास्तव में विकास हुआ है तो मुख्यमंत्री स्वयं वार्ड 53 में आकर जमीनी स्थिति देखें और जनता से सीधे संवाद करें।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान निकाय चुनाव: 3 बजे तक 63.55% मतदान, छोटे कस्बों में जोश तो बड़े शहरों में सुस्ती
राजीव चौधरी के इन आरोपों के बाद वार्ड 53 का चुनावी मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो गया है। अब देखना होगा कि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है और चुनाव प्रचार के दौरान स्थानीय मुद्दे किस तरह राजनीतिक बहस का केंद्र बनते हैं।