राजस्थान में वाहन चालकों को अब पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए पहले से अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। निजी क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनी जिओ बीपी ने प्रदेश में पेट्रोल के दाम 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। कंपनी की नई दरें रविवार, 11 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।
जयपुर में पेट्रोल 113.91 रुपये प्रति लीटर
जिओ बीपी की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजधानी जयपुर में पेट्रोल का भाव 113.91 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इससे पहले पेट्रोल 108.91 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था। वहीं, जयपुर में जिओ बीपी के पेट्रोल पंपों पर डीजल की कीमत बढ़कर 97.15 रुपये प्रति लीटर हो गई है। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी पेट्रोल की कीमतें बढ़ गई हैं। जोधपुर में पेट्रोल का भाव 117.50 रुपये प्रति लीटर और कोटा में 117.15 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
पढे़ं: सीजी: असम तक पहुंची गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की पहचान, राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में छाया विष्णु भोग चावल
राजस्थान में जिओ बीपी के करीब 200 पेट्रोल पंप
राजस्थान में जिओ बीपी के करीब 200 पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं। इससे पहले निजी क्षेत्र की एक अन्य पेट्रोलियम कंपनी नायरा ने भी 3 अक्टूबर को पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। निजी पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से लगातार कीमतें बढ़ाए जाने से वाहन चालकों पर ईंधन का खर्च बढ़ रहा है। अब उन्हें पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना पड़ रहा है।