राइजिंग राजस्थान-2025 जयपुर में होगा
- फोटो : social media
राजधानी जयपुर में 11 व 12 दिसंबर को राइजिंग राजस्थान पार्टनरशिप कॉन्क्लेव 2025 का आयोजन किया जाएगा। इस बार इस समिट की थीम सिटी टू सिटी, स्टेट टू स्टेट और इंडस्ट्री टू इंडस्ट्री होगी। देश-विदेश के निवेशकों को इस समिट में शामिल होने के लिए न्योते भेजे जाएंगे।
इस दो दिवसीय पार्टनरशिप कॉन्क्लेव में पैनल डिस्कशन, राउंड टेबल और फायर साइट चैट के साथ ही, एंकर इन्वेस्टर्स सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। सीएम भजनलाल शर्मा ने राइजिंग राजस्थान पार्टनरशिप कॉन्क्लेव 2024 की फीडबैक बैठक लेते हुए इसके निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आने वाले कॉन्क्लेव में पिछले समिट में हुए एमओयू की क्रियान्विति और प्रदेश के औद्योगिक परिदृश्यों में आए बदलावों की जानकारी दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: Kota News: पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अचानक पहुंची कोटा, संगठन के पदाधिकारियों को नहीं लगी भनक; जानें कारण
ग्राउंड ब्रेकिंग की विभागवार रिपोर्ट दें
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कॉन्क्लेव की तैयारी के संबंध में समयबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के मध्य पारस्परिक समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारी की समन्वयक के रूप में नियुक्ति की जाए। साथ ही उन्होंने नवंबर 2025 तक राइजिंग राजस्थान समिट के अन्तर्गत हस्ताक्षरित एमओयू की प्रस्तावित ग्राउंड ब्रेकिंग के कार्यों की विभागवार विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय रनअप कार्यक्रमों का आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉन्क्लेव से पूर्व राज्य सरकार राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय रनअप कार्यक्रमों के साथ ही थीमेटिक विभागीय कार्यक्रमों का भी आयोजन करेगी। इसके साथ ही सीएम भजनलाल ने राइजिंग राजस्थान समिट-2024 के अन्तर्गत हुए एमओयू के निवेशकों की भी विभागवार बैठक आयोजित कर उनसे फीडबैक लेने के विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खनिज संपदा के संबंध में भी एक विशेष सेमिनार आयोजित किया जाए। मजदूर, महिला, युवा एवं किसान पर आधारित हो विशेष सत्र मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार मजदूर, महिला, युवा एवं किसान के कल्याण के लिए समर्पित है, इसलिए इस कॉन्क्लेव में इन वर्गों पर आधारित विशेष सत्र भी आयोजित किया जाए।