जयपुर के उपलक्ष्य गोयल ऑल इंडिया तीसरी रैंक
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा घोषित NEET-UG 2026 के परिणाम में राजस्थान के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रदेश के दो छात्रों ने देशभर की टॉप-10 रैंक में जगह बनाकर राजस्थान का गौरव बढ़ाया, जबकि अलवर के दो सगे भाइयों ने एक साथ परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया।
जयपुर के उपलक्ष्य गोयल ने ऑल इंडिया लेवल पर तीसरी रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। उपलक्ष्य ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। पढ़ाई के बीच खुद को तरोताजा रखने के लिए भोजन के समय 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' और अन्य कॉमेडी शो देखते थे।
वहीं अलवर के गौरव सिंह ने ऑल इंडिया नौवीं रैंक प्राप्त कर टॉप-10 में जगह बनाई। गौरव का कहना है कि उन्होंने स्मार्टफोन का उपयोग किया लेकिन उसका कभी दुरुपयोग नहीं किया। पढ़ाई और डिजिटल उपयोग के बीच संतुलन बनाए रखना उनकी सफलता का महत्वपूर्ण कारण रहा।
ये भी पढ़ें: Jaipur News: फर्जी वीजा कॉल सेंटर गिरोह का भंडाफोड़, तीन ठिकानों पर छापे मार; 22 आरोपी हिरासत में
राजस्थान की सफलता की इस कहानी में अलवर के सगे भाइयों यशवर्धन यादव और चिराग यादव ने भी अपनी विशेष पहचान बनाई। यशवर्धन ने 146वीं और चिराग ने 1096वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर एक साथ NEET-UG 2026 क्वालिफाई किया। दोनों भाइयों की सफलता परिवार और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी।
परिणाम घोषित होने के बाद जयपुर, अलवर और कोटा सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में सफल विद्यार्थियों ने मिठाई बांटकर और ढोल-ढमाके के साथ पटाखे चलाकर अपनी उपलब्धि का जश्न मनाया। राजस्थान के छात्रों के इस शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित किया कि प्रदेश की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।