फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कन्हैयालाल हत्याकांड: हाईकोर्ट से आरोपियों को बड़ा झटका, सभी अपीलें खारिज; अब तेज होगा ट्रायल

Fri, 06 Nov 2026 04:55 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,जयपुर

सार

राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ ने कन्हैयालाल हत्याकांड के आठ प्रमुख आरोपियों को बड़ा झटका देते हुए उनकी सभी अपीलें खारिज कर दी हैं। मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने विशेष एनआईए अदालत की ओर से 12 जनवरी और 13 फरवरी 2024 को आरोप तय करने के लिए जारी आदेशों को वैध ठहराया है।
विज्ञापन
कन्हैयालाल हत्याकांड - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ ने कन्हैयालाल हत्याकांड के आरोपियों को बड़ा झटका दिया है। हाईकोर्ट ने विशेष एनआईए अदालत की ओर से आरोप तय करने के आदेशों को चुनौती देने वाली सभी अपीलें खारिज कर दी हैं। मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने निचली अदालत के आदेशों को वैध ठहराया है। शुक्रवार को आए इस फैसले के बाद मामले के आठ प्रमुख आरोपियों के खिलाफ विशेष एनआईए अदालत में मुकदमे की सुनवाई जारी रहने का रास्ता साफ हो गया है।

आरोप तय करने के आदेशों को हाईकोर्ट ने सही ठहराया

हाईकोर्ट की खंडपीठ ने विशेष एनआईए अदालत की ओर से 12 जनवरी और 13 फरवरी 2024 को आरोप तय करने के लिए जारी किए गए आदेशों को सही माना। अदालत ने इन आदेशों को चुनौती देने वाली आरोपियों की सभी अपीलें निरस्त कर दीं। इस फैसले के बाद मोहम्मद रियाज अत्तारी, मोहम्मद गौस, मोहसीन खान, आसिफ हुसैन, मो. मोहसीन, वसीम अली, मोहम्मद जावेद खान और मुस्लिम खान के खिलाफ एनआईए अदालत में ट्रायल जारी रहेगा।

विज्ञापन

इन आरोपियों पर गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) की धारा 16 (आतंकवादी कृत्य), धारा 18 (साजिश) और धारा 20 (आतंकवादी गिरोह का सदस्य होने) के साथ भारतीय दंड संहिता की अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा चलाया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शी साक्ष्य नहीं होना दोषमुक्ति का आधार नहीं

सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि आरोप तय करने के शुरुआती चरण में किसी आरोपी के दोषी या निर्दोष होने का अंतिम फैसला नहीं किया जा सकता। अदालत ने स्पष्ट किया कि आपराधिक साजिश के मामले में प्रत्यक्ष साक्ष्य या प्रत्यक्षदर्शी का न होना किसी आरोपी को दोषमुक्त करने का आधार नहीं बन सकता। परिस्थितियों के सामूहिक प्रभाव से भी आपराधिक साजिश की मौजूदगी का पता लगाया जा सकता है।

हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि मुकदमे की सुनवाई के दौरान विशेष एनआईए अदालत सभी पेश किए जाने वाले साक्ष्यों और गवाहों का स्वतंत्र रूप से मूल्यांकन करेगी। यानी हाईकोर्ट के इस फैसले से आरोपियों के दोषी या निर्दोष होने पर अंतिम मुहर नहीं लगी है, बल्कि उनके खिलाफ मुकदमा आगे बढ़ने का रास्ता साफ हुआ है।

बचाव पक्ष की दलीलों से नहीं मिली आरोपियों को राहत

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकीलों ने आरोपियों की ओर से कई दलीलें पेश की थीं। इनमें आरोपियों के बनाए गए वीडियो, ऑनलाइन धमकियों और किसी प्रतिबंधित आतंकी संगठन से सीधे जुड़ाव नहीं होने जैसे तर्क शामिल थे। हालांकि, हाईकोर्ट ने इन दलीलों को आरोप तय करने के आदेशों को रद्द करने के लिए पर्याप्त नहीं माना। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी प्रतिबंधित आतंकी संगठन से सीधे जुड़ाव का अभाव यूएपीए की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई से बचने का आधार नहीं बन सकता। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद अब कन्हैयालाल हत्याकांड में आठ प्रमुख आरोपियों के खिलाफ विशेष एनआईए अदालत में मुकदमे की सुनवाई आगे बढ़ेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें