जोधपुर पुलिस को हथियारों की बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। एजीटीएफ और जोधपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हाल ही में गिरफ्तार किए गए एक शूटर की निशानदेही पर पुलिस ने दो पिस्टल और 36 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हथियारों को पाली से सिरोही की तरफ जाने वाले मार्ग पर ढोला गांव के पास एक सुनसान जगह पर छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने हथियार और कारतूस कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ में बताई हथियार छिपाने की जगह
पुलिस के अनुसार, शूटर से पूछताछ के दौरान हथियारों को छिपाकर रखने की जगह के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर बताए गए स्थान पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान ढोला गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे राजमार्ग के दाहिनी तरफ लगभग 200 मीटर अंदर बबूल की घनी झाड़ियों के बीच कपड़े की एक थैली मिली। पुलिस ने थैली को खोलकर तलाशी ली तो उसमें दो पिस्टल और बड़ी संख्या में कारतूस मिले। इसके बाद बरामद हथियारों और कारतूसों को कब्जे में ले लिया गया।
तुर्की की 9 एमएम पिस्टल, एफएक्स 9 लिखा
बरामद हथियारों में एक 9 एमएम पिस्टल शामिल है, जिस पर एफएक्स 9 लिखा हुआ है। पुलिस के मुताबिक यह पिस्टल तुर्की निर्मित है। इसके साथ एक छोटी और एक बड़ी मैगजीन भी बरामद की गई है। वहीं, दूसरी पिस्टल भी 9 एमएम की है। पुलिस के अनुसार यह ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक पिस्टल है। इसके साथ भी एक छोटी और एक बड़ी मैगजीन मिली है।
36 जिंदा 9 एमएम कारतूस मिले
पुलिस ने मौके से कुल 36 जिंदा 9 एमएम कारतूस बरामद किए हैं। हथियारों, मैगजीन और कारतूसों को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल पहले किसी आपराधिक वारदात में किया गया है या नहीं।
शूटर की गिरफ्तारी के बाद हथियारों तक पहुंची पुलिस
पुलिस की यह कार्रवाई एजीटीएफ और जोधपुर पुलिस की उस कार्रवाई से जुड़ी है, जिसमें हाल ही में शूटर को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में शूटर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हथियारों को छिपाकर रखने वाली जगह का पता लगाया और वहां तलाशी अभियान चलाया।
हथियार कहां से आए, किसके लिए लाए गए? जांच जारी
जोधपुर पुलिस अब बरामद दोनों पिस्टल, मैगजीन और कारतूसों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ये हथियार किसके लिए लाए गए थे और इनके जरिए किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना थी या नहीं। पुलिस बरामद हथियारों का किसी पुरानी आपराधिक घटना से कनेक्शन होने की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।