राजस्थान के सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान स्वास्थ्य विभाग ने विभागीय कार्यों में लापरवाही और राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं के कमजोर क्रियान्वयन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी (RCHO), जयपुर प्रथम डॉ. आशा मीणा को तत्काल प्रभाव से पदस्थापन की प्रतीक्षा (APO) में कर दिया है। इस संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं।
विभाग के अनुसार डॉ. आशा मीणा के कार्यकाल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े कई प्रमुख कार्यक्रमों में जिले का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सका। गर्भवती महिलाओं के प्रथम तिमाही पंजीकरण, लक्षित टीकाकरण, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की ट्रैकिंग, पूर्ण टीकाकरण और मिजल्स-रुबेला (MR-2) लाइन लिस्ट के क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में जयपुर प्रथम का प्रदर्शन राज्य स्तर पर संतोषजनक नहीं पाया गया। इन कमियों को गंभीर मानते हुए विभाग ने डॉ. आशा मीणा को उनके वर्तमान पद से हटाकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), श्रीगंगानगर कार्यालय में उपस्थिति देने के निर्देश दिए हैं।