जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से खून बहने की सूचना पर हड़कंप मच गया। शव होने की आशंका में लोगों ने ट्रक को घेर लिया। पुलिस ने ट्रक को थाने ले जाकर पूरी जांच की, जिसमें केवल मृत बकरों का चमड़ा मिला। कोई संदिग्ध या आपराधिक सामग्री नहीं मिलने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
पूर्वी जयपुर जिले के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से खून बह रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संभावित तनाव को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी।
विज्ञापन
मौके पर तत्काल पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:40 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि खोह नागोरियान गांव के पास एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा है और उससे खून निकल रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि ट्रक के आसपास 50 से 60 लोग एकत्रित थे। भीड़ ने ट्रक को घेर रखा था और उसमें किसी व्यक्ति का शव होने की आशंका जताते हुए मौके पर ही ट्रक की तलाशी लेने की मांग कर रही थी।
मृत बकरों का चमड़े से भरा हुआ था ट्रक
थानाधिकारी ने ट्रक चालक मुन्ने खां से पूछताछ की। चालक ने बताया कि ट्रक में किसी इंसान का शव नहीं, बल्कि मृत बकरों का चमड़ा भरा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने ट्रक का तिरपाल हटाकर प्राथमिक जांच की, जिसमें चालक की बात सही पाई गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों का संदेह पूरी तरह दूर नहीं हुआ और उन्होंने पूरे ट्रक को खाली कराकर जांच कराने की मांग की।
विज्ञापन
ट्रक को थाने ले गई पुलिस
भीड़ को समझाने का प्रयास किया गया कि बीच सड़क पर ट्रक खाली कराना उचित नहीं होगा। काफी समझाइश के बाद पुलिस ट्रक को थाने ले गई, जहां उसे पूरी तरह खाली कर उसकी जांच की गई। जांच में ट्रक में केवल मृत बकरों का चमड़ा मिला और किसी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक सामग्री नहीं पाई गई। इसके बाद लोगों की आशंका दूर हुई और स्थिति सामान्य हो गई।
कोलकाता भेजा जा रहा था बकरों का चमड़ा
पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रक जयपुर स्थित एक फर्म से मृत बकरों का चमड़ा लेकर कोलकाता भेजा जा रहा था। ट्रक के स्वामी की पहचान जयपुर निवासी सलमान कुरैशी के रूप में हुई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया गया और किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न नहीं होने दी गई।