पुलिस की गिरफ्त में आरोपी एमडी तस्कर
- फोटो : अमर उजाला
प्रतापगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना रठांजना पुलिस ने एक वांछित तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 08 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स जब्त की है। जब्त किए गए नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
विशेष टीम की सटीक कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबत सिंह जैतावत व पुलिस उप अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान के तहत जिले और बाहरी क्षेत्रों में वांछित अपराधियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस दल गठित किया गया था। थानाधिकारी घीसुलाल के नेतृत्व में रठांजना पुलिस टीम शनिवार, 18 अक्तूबर को जोधपुर पश्चिम जिले के साकरिया गांव पहुंची, जहां वांछित तस्कर की सूचना मिली थी।
वांछित तस्कर आरिफ पठान गिरफ्तार
पुलिस टीम ने सटीक कार्रवाई करते हुए आरिफ पठान पुत्र आदिल खान पठान (30), निवासी साकरिया को मौके से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 08 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर थाना रठांजना में मामला दर्ज किया।
यह भी पढ़ें- Sirohi Crime: '007 गैंग' के सरगना सहित पांच आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर वायरल किया था वीडियो
जोधपुर में भी था वांछित
गिरफ्तार आरोपी आरिफ खान जोधपुर पश्चिम जिले के लूणी थाने में दर्ज एक अन्य 500 ग्राम एमडी ड्रग्स के प्रकरण में भी वांछित था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से सक्रिय रूप से नशे के कारोबार में लिप्त था और जोधपुर, प्रतापगढ़ व आस-पास के इलाकों में नेटवर्क फैलाने की कोशिश कर रहा था।
नशे के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी
प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम और तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान जारी है। इस बड़ी बरामदगी से स्पष्ट है कि पुलिस नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Crime: उदयपुर ATS को मिली बड़ी सफलता, 27 साल से फरार 25 हजार का इनामी ठग गुजरात से गिरफ्तार