नवरात्रा मेले के दौरान आमेर महल आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हाथी सफारी बंद रहेगी। महल प्रशासन के अनुसार 29 मार्च से 8 अप्रैल तक हाथियों की सवारी पर अस्थायी रोक लगाई गई है। इस संबंध में आमेर महल अधीक्षक राकेश छोलक ने आदेश जारी किए हैं।
आमेर महल हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है। नवरात्रा के अवसर पर यहां विशेष भीड़ उमड़ती है, जिसके चलते महल प्रशासन ने यह निर्णय लिया है ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा सकें। महल अधीक्षक राकेश छोलक के अनुसार नवरात्रा के दौरान आमेर महल पर्यटकों के लिए प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक ही खुला रहेगा। इस दौरान सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को भी सख्त किया जाएगा।
पर्यटकों की सुविधा के लिए महल प्रशासन ने अतिरिक्त मार्गदर्शन केंद्र स्थापित किए हैं, जहां उन्हें महल दर्शन से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही मेले के दौरान सफाई और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि आमेर महल में हाथी सफारी पर्यटकों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय है, लेकिन हर साल नवरात्रा मेले में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी जाती है। प्रशासन ने पर्यटकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित समय के भीतर ही महल भ्रमण करें और नियमों का पालन करें।