चौमूं में बुलडोजर से ध्वस्त किए अवैध निर्माण
- फोटो : अमर उजाला
चौमूं में 25 दिसंबर की रात हुए तनाव और विवाद के मामले की जांच के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी मौके पर जाकर पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी और अपनी विस्तृत रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगी। जांच कमेटी में जिलाध्यक्ष एवं फुलेरा विधायक विद्याधर चौधरी, RTDC के पूर्व चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़, एमडी चौपदार और राजेंद्र आर्य को शामिल किया गया है। कमेटी स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों का संकलन करेगी।
यह विवाद चौमूं में बस स्टैंड स्थित मस्जिद के पास लोहे की रेलिंग लगाने को लेकर शुरू हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और पथराव की घटनाएं सामने आईं। इस मामले पर कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। घटना के दौरान समुदाय विशेष के कुछ लोगों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 लोगों को गिरफ्तार किया और 34 लोगों के खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया। हालात को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
इसी बीच शुक्रवार 2 जनवरी को चौमूं नगर परिषद प्रशासन ने इमाम चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान तीन अवैध कॉम्प्लेक्स को सीज किया गया और सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।