राजस्थान यूनिवर्सिटी छात्रसंघ अध्यक्ष निर्मल चौधरी की बहन की शादी में फायरिंग का वीडियो वायरल, 8 राउंड फायर करने के मामले में पुष्कर पुलिस ने किया केस दर्ज, 2 दिन पूर्व बूढ़ा पुष्कर स्थित रिसोर्ट में हुआ था आयोजन, पुलिस जुटी आरोपी की तलाश में, प्रशिक्षु आईपीएस कांबले शरण गोपीनाथ कर रहे मामले की जांच
राजस्थान यूनिवर्सिटी के छात्र संघ अध्यक्ष निर्मल चौधरी की बहन की दो दिन पूर्व बूढ़ा पुष्कर स्थित एक रिसोर्ट में हुए शादी समारोह के दौरान हवाई फायर का वीडियो सामने आया है। 31 सेकेंड के इस वीडियो में शादी के दौरान चल रही डांस पार्टी में सीकर का युवक रिवॉल्वर से आठ राउंड हवाई फायर करता हुआ नजर आ रहा है। पुलिस ने आरोपी युवक की पहचान कर ली है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रहे हैं।
प्रशिक्षु IPS कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि एएसआई बलदेव राम जाप्ते के साथ गश्त करते हुए शनिवार दोपहर बूढ़ा पुष्कर पहुंचे। वहां उन्हें बीट कांस्टेबल धर्मपाल ने बताया कि सोशल मीडिया के ट्विटर अकाउंट पर जीवन सिंह की आईडी पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लिखा गया है कि राजस्थान विश्व विद्यालय के अध्यक्ष निर्मल चौधरी की बहन की शादी में खुलेआम हो रही फायरिंग, प्रशासन को दे रहे हैं खुली चुनौती। 31 सेकेंड के इस वीडियो में डांस के दौरान छोटे हथियार के इस वीडियो में डांस के दौरान छोटे हथियार से लगातार 8 राउंड फायर करते हुए एक युवक नजर आ रहा है।
पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि सात व आठ मार्च को निर्मल चौधरी की बहन की जॉलीवुड रिसोर्ट में शादी थी। डांस पार्टी में सीकर के ग्राम खेरवा निवासी नबील मोहम्मद ने हवाई फायर किया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी नबील के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जांच प्रशिक्षु आईपीएस कांबले शरण गोपीनाथ कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।