बाल दिवस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जवाहर सर्किल पहुंचे तो वहां रोलर स्कैटिंग का अभ्यास कर रहे बच्चों के लिए यह खास मौका बन गया। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर बच्चे उत्साहित हुए। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और प्यार से बातचीत की। मुख्यमंत्री के जाने के बाद बच्चे फिर अपने अभ्यास में जुट गए, लेकिन इस मुलाकात ने जयपुर में स्कैटिंग सुविधाओं की कमी का सवाल भी सामने ला दिया।
बच्चों के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात और चॉकलेट मिलना खुशी की बात थी, लेकिन उनकी जरूरत इससे कहीं बड़ी है। उन्हें स्कैटिंग सीखने और बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए सुरक्षित और आधुनिक मैदान चाहिए। फिलहाल जवाहर सर्किल पर बच्चे खुरदरी सतह पर अभ्यास करने को मजबूर हैं। ऐसी जगह पर स्केटिंग करते समय गिरने और चोट लगने का खतरा बना रहता है। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए जरूरी तकनीक और कौशल विकसित करने के लिहाज से भी बेहतर सुविधाओं की जरूरत है।
राजस्थान में सरकारी स्कैटिंग रिंक की कमी
स्कैटिंग का आकर्षण बच्चों में लगातार बढ़ रहा है। कई बच्चे इसे शौक के साथ खेल के रूप में अपना रहे हैं और प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ना चाहते हैं। इसके बावजूद जयपुर में उन्हें अभ्यास के लिए समर्पित सरकारी स्कैटिंग रिंक उपलब्ध नहीं है। प्रदेश में भी इस खेल के लिए बेहतर सरकारी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की जरूरत महसूस की जा रही है।
दूसरे राज्यों में स्कैटिंग के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की गई हैं। पंजाब के लुधियाना में नहर किनारे बना सरकारी स्कैटिंग रिंक इसका उदाहरण है, जहां बड़ी संख्या में बच्चे अभ्यास करते हैं। इसी तरह देहरादून में आइस रिंक की सुविधा उपलब्ध है, जहां स्कैटिंग से जुड़े आयोजन और प्रतियोगिताएं होती हैं। ऐसी सुविधाओं से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के साथ अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है।
SMS स्टेडियम या जवाहर सर्किल पर बने आधुनिक रिंक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ तक खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने की बात करते रहे हैं। ऐसे में स्कैटिंग जैसे खेल के लिए भी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की जरूरत है। जयपुर में एसएमएस स्टेडियम या जवाहर सर्किल पर आधुनिक स्कैटिंग रिंक बनाया जा सकता है।
इसके लिए खेल की जरूरतों के अनुरूप सिंथेटिक एक्रिलिक फ्लोरिंग जैसे विकल्पों पर तकनीकी विशेषज्ञों से राय ली जा सकती है। ऐसी सतह पर अभ्यास करने से खिलाड़ियों को बेहतर खेल अनुभव मिल सकता है। रिंक के साथ कोचिंग, सुरक्षा इंतजाम और प्रतियोगिताओं के आयोजन की सुविधा भी विकसित की जाए तो जयपुर के बच्चों को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिल सकता है।