राजस्थान में जयपुर-अजमेर हाइवे पर हुए एलपीजी ब्लास्ट हादसे की चपेट में आई वीडियो कोच बस उदयपुर से चली थी। इसमें ज्यादातर सवारियां उदयपुर जिले की ही थीं। बस उदयपुर के लेकसिटी ट्रैवल्स की है। हादसे में बस ड्राइवर और खलासी के भी घायल होने की सूचना है।
ट्रैवेल्स संचालक के अनुसार, बस की बुकिंग के समय लिखे सवारियों के नंबर पर कॉल किए गए, जिनमें से 22 सवरियों से संपर्क हो गया है और वे सकुशल हैं। 10 सवारियों के मोबाइल नहीं लग रहे हैं। जयपुर हादसे की चपेट में आई बस उदयपुर की होने की वजह से उदयपुर में भी पुलिस तंत्र सक्रिय हो गया है। ट्रैवेल्स संचालक ने सभी 32 सवारियों की सूची पुलिस को उपलब्ध कराई है। बता दें कि जयपुर के अग्निकांड में नौ लोगों की मौत हो गई है। इसमें 45 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मरने वालों और घायलों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि चेहरे बहुत बुरी तरह झुलस गए हैं।