दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के आह्वान से पहले उत्तर पश्चिम रेलवे ने शुक्रवार को 9 और 10 अक्तूबर को राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होने वाली 13 ट्रेन सेवाओं को रद्द कर दिया। रेलवे ने इसके पीछे 'परिचालन संबंधी कारणों' का हवाला दिया है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 9 अक्तूबर को राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होने वाली उदयपुर सिटी-हजरत निजामुद्दीन ट्रेन (12964) और श्रीगंगानगर-तिलक ब्रिज ट्रेन (14727) रद्द कर दी गई हैं। इसी तरह, 10 अक्तूबर को दिल्ली आने-जाने वाली 11 ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गई हैं।
ये ट्रेनें रहेंगी कैंसिल
इनमें सिरसा-तिलक ब्रिज (15308), हजरत निजामुद्दीन-उदयपुर सिटी (12963), तिलक ब्रिज-भिवानी (14738), भिवानी-तिलक ब्रिज (14737) और तिलक ब्रिज-श्रीगंगानगर (14728) ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा, रेवाड़ी-दिल्ली (74004 और 54414), दिल्ली-रेवाड़ी (54421), हिसार-दिल्ली (54310), हिसार-नई दिल्ली (54424) और नई दिल्ली-हिसार (54423) ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे ने इन ट्रेन सेवाओं को रद्द करने के पीछे 'परिचालन संबंधी कारणों' का हवाला दिया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी और कई अन्य संगठनों ने 10 अक्तूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान: अक्तूबर में भी तप रही धौरों की धरती, अब मौसम विभाग के इस अनुमान ने बढ़ाई हलचल
सीजेपी के नेता अभिजीत दिपके ने 2 अक्तूबर को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस प्रदर्शन की घोषणा की थी। उन्होंने आह्वान किया था कि यदि मुख्य निर्वाचन आयुक्त इस्तीफा नहीं देते हैं, तो देशभर के लोग दिल्ली में एकत्र हों।