राजधानी में बीते कुछ दिनों में आपराधिक गतिविधियों का ग्राफ चिंताजनक रूप से बढ़ा है। पुलिस की सक्रियता के चलते कई मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, वहीं कुछ घटनाओं ने समाज और सुरक्षा व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले इनामी बदमाश से लेकर उबर ड्राइवर की ईमानदारी, जेल में चरस सप्लाई से लेकर युवती को किडनी निकालने की धमकी देने तक, एक ही शहर में अपराध के कई चेहरे सामने आए हैं।
सोशल मीडिया पर धमकी देने वाला इनामी बदमाश गिरफ्तार
करधनी थाना पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश विष्णु सिंह उर्फ बल्लू राजपुरा (27) निवासी लोसल, जिला सीकर को गिरफ्तार किया है। आरोपी हथियारों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालता था और लोगों को धमकाता था। पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में उसका पैर टूट गया, फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है। आरोपी के पास से एक पिस्टल, दो मैगजीन और छह जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
‘ऑपरेशन आग’ में बदमाश गिरफ्तार, दो जिंदा कारतूस बरामद
सिंधी कैंप थाना पुलिस ने 22 वर्षीय हारून उर्फ शाहरुख उर्फ पौंडा निवासी भट्टा बस्ती को गिरफ्तार कर उसके पास से दो जिंदा कारतूस जब्त किए। यह कार्रवाई ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन के तहत की गई। हारून के खिलाफ कई थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
जेल में बंद पति को चरस और मोबाइल पहुंचाने आई महिला गिरफ्तार
जालूपुरा थाना पुलिस ने हिना (35) निवासी भट्टा बस्ती को गिरफ्तार किया, जो जयपुर जेल में बंद अपने पति रफीक उर्फ बकरी के लिए 76.71 ग्राम चरस और एक मोबाइल लेकर आई थी। हिना का पति हत्या व लूट मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। वह इलाज के बहाने जेल से बाहर आया था, जिससे मिलने महिला सिद्धार्थ होटल आई थी।
बस स्टैंड पर जेबकतरी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
सिंधी कैंप थाना पुलिस ने बंशीलाल शर्मा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दो बदमाश मोहम्मद इस्लाम (19) और देशराज (20) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लोगों की जेबें काटकर मोबाइल व पर्स चोरी करते थे। उनके पास से चोरी किया गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त ब्लेड जब्त किया गया।
ऑटो चालक का अपहरण कर लूट की वारदात
सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में धौलपुर निवासी ऑटो चालक घनश्याम (28) के साथ तीन युवकों ने लूट की। वे ऑटो में सवार होकर 12 मील पुलिया तक गए, फिर चालक के साथ मारपीट कर अपहरण किया और सूनसान जगह ले जाकर मोबाइल का पासवर्ड लेकर 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है।
युवती को बंधक बनाकर दी किडनी निकालने की धमकी
अशोक नगर थाना क्षेत्र में पश्चिम बंगाल की एक युवती को नौकरी दिलाने के बहाने बुलाकर एक व्यक्ति ने अपने घर बंधक बना लिया। आरोपी ने बंदूक दिखाकर खाली कागजों पर उसके अंगूठे के निशान लिए और किडनी निकालने की धमकी दी। युवती किसी तरह वहां से भागी और थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।
ईमानदार टैक्सी ड्राइवर ने लौटाया 5 लाख का सोने का हार
एक ओर जहां अपराध बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ईमानदार लोगों की मिसाल भी कायम है। उबर टैक्सी चालक शिशुपाल सिंह सोलंकी ने एक महिला यात्री रिचा अग्रवाल का टैक्सी में छूटा बैग लौटाया, जिसमें 5 लाख रुपये मूल्य का सोने का हार था। उन्होंने सामान को सहायक पुलिस आयुक्त सांगानेर कार्यालय में सौंपा।
ऑटो में सास-बहू के जेवरात पार करने वाली महिला फरार
वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने ऑटो में सफर कर रही सास-बहू के जेवरात पार कर लिए। शिकायतकर्ता रमेश चौधरी के अनुसार महिला सोने की तिमणिया, रखड़ी सेट, पोंची और दो जोड़ी चांदी की पायजेब लेकर फरार हो गई। घटना 18 मई की शाम की बताई गई है।
एक साल से फरार वांछित आरोपी गिरफ्तार
ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपी संजय उर्फ मर्गी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।