फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: जयपुर में एसीबी का बड़ा ट्रैप, प्रतापनगर थाने का एएसआई 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

Tue, 06 Oct 2026 04:33 PM IST
जयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

जयपुर में एसीबी ने प्रतापनगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक सुखदेव जाट को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया। आरोपी ने मामले में मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और चालान पेश करने की एवज में रिश्वत मांगी थी। एसीबी ने रकम बरामद कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
विज्ञापन
ट्रैप सहायक उप निरीक्षक सुखदेव ( फोटो सौजन्य से एसीबी, मुख्यालय ,जयपुर)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए प्रतापनगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक सुखदेव जाट को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया। आरोपी पुलिसकर्मी को परिवादिया से रिश्वत राशि प्राप्त करने के बाद एसीबी टीम ने पकड़ लिया। उसके कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

एसीबी के अनुसार, परिवादिया ने 11 अगस्त 2026 को एसीबी चौकी एसयू प्रथम, जयपुर में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रतापनगर थाने में दर्ज एक प्रकरण में अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक सुखदेव जाट द्वारा प्रकरण में प्रभावी पैरवी करने, मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और चालान पेश करने की एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान सहायक उप निरीक्षक द्वारा परिवादिया से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में उप अधीक्षक पुलिस अर्चना मीणा के नेतृत्व में एसीबी टीम ने कार्रवाई की। ट्रैप के दौरान आरोपी सुखदेव जाट ने परिवादिया से 10 हजार रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त की। इसके बाद उसने रकम अपनी पहनी हुई खाकी वर्दी की पेंट की जेब में रख ली। एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली।

एसीबी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आरोपी के पास परिवादिया से संबंधित कार्य लंबित होना पाया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किए जाने की बात कही है।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें- उदयपुर में महिला की मौत पर बवाल: 50 लाख मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़ा साहू समाज; दी ये बड़ी चेतावनी

यह कार्रवाई एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमाला के सुपरविजन में की गई। एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार के मामलों की शिकायत करने की अपील की है। ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।

एसीबी ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण या प्राथमिक जांच दर्ज होने पर वह सीधे एसीबी से संपर्क कर अपना पक्ष और स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है। प्राप्त स्पष्टीकरण का विस्तृत विश्लेषण करने के बाद ही अनुसंधान में निर्णय लेना एसीबी की कार्यप्रणाली का हिस्सा है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें