राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक और रणनीतिक रूप से नई ऊंचाइयों पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक परिदृश्य में केवल सैन्य शक्ति ही नहीं, बल्कि आर्थिक मजबूती भी राष्ट्र की असली ताकत है। भारत अब स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भरता के बल पर दुनिया में एक बड़ी शक्ति के रूप में उभर रहा है।
राठौड़ ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित 150 किलोमीटर की पदयात्रा केवल स्मरण मात्र नहीं, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देने का एक अभियान है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भारतीय उत्पादों का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता को और मजबूती मिल सके।
उन्होंने कहा कि अमेरिका जैसे देशों द्वारा भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाने जैसे कदम एक अवसर हैं। भारतीय दवाइयां, टेक्सटाइल और हैंडीक्राफ्ट्स अपनी गुणवत्ता और किफायती दरों के कारण विश्व स्तर पर बेहद प्रतिस्पर्धी साबित हो रहे हैं। राजस्थान के उद्यमी भी बाजार की मांग के अनुसार बदलाव कर निर्यात में नई दिशा दे रहे हैं।
भाजपा सरकार के विजन को जनहितकारी बताते हुए राठौड़ ने कहा कि पार्टी केवल पारदर्शिता और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप कार्य करती है। ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही ‘सांसद खेल प्रतियोगिता’ को उन्होंने युवाओं के लिए नेतृत्व क्षमता, खेल प्रतिभा और सामाजिक समरसता बढ़ाने का एक सशक्त मंच बताया।
ये भी पढ़ें:
जोधपुर में मूसलाधार बारिश, सड़कें बनी दरिया, बहने लगे वाहन, लोगों को हुई परेशानी
आपदा प्रबंधन पर बोलते हुए राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार बाढ़, अतिवृष्टि, फसल क्षति और मकान क्षति जैसी आपदाओं में समयबद्ध गिरदावरी और राहत सुनिश्चित कर रही है। जरूरत पड़ने पर भामाशाहों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से तत्काल सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें:
लूनी नदी में बही बोलेरो, मां-दो बेटियों की मौत, दो गंभीर; तीन लापता; सभी दर्शन करने जा रहे थे