सीकर जिले में खेल मैदान से जुड़े ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विधानसभा में माहौल गरमा गया। कांग्रेस विधायक राजेंद्र पारीक ने मुद्दा उठाया, जिस पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जवाब देते हुए टिप्पणी की कि आप उसी जगह की मांग क्यों कर रहे हैं, क्या उस पर आपके चहेतों की नजर है?'
हालात संभालने के लिए विधानसभा को किया गया स्थगित
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के जवाब से नाराज कांग्रेस विधायकों ने गुरुवार को विधानसभा में जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बढ़ गई कि स्पीकर को सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
कांग्रेस विधायक ने रखा था प्रस्ताव
सीकर जिले में खेल मैदान से जुड़े मुद्दे पर कांग्रेस विधायक राजेंद्र पारीक ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव रखा था। जवाब में मंत्री दिलावर ने पलटवार करते हुए कहा, 'आप उसी जगह की मांग क्यों कर रहे हैं? क्या उस पर आपके चहेतों की नजर है?' इस टिप्पणी पर पारीक ने तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि मंत्री का जवाब असंतुलित है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की भाषा किसी अस्थिर मानसिकता वाला व्यक्ति ही इस्तेमाल कर सकता है। इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई।
ये भी पढ़ें:
दक्षिण भारत की दो परंपराओं से सजी शाही शादी, एक हुए विजय देवरकोंडा और रश्मिका
वेल में पहुंचे कांग्रेस विधायक
मंत्री के बयान से नाराज कांग्रेस विधायक वेल में पहुंच गए और उनके खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बीच स्पीकर ने सदन की कार्यवाही दोपहर 1:35 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। पुनः कार्यवाही शुरू होने पर ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग की अनुदान मांगें सदन में रखी गईं, जिसके बाद चर्चा आगे बढ़ी।