मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सिविल लाइन्स स्थित मुख्यमंत्री निवास में परिवार सहित होलिका पूजन कर प्रदेशवासियों की समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे़ ने राजभवन में होलिका दहन कर प्रदेश के उत्थान और सौहार्द की कामना की। उन्होंने अबीर-गुलाल के साथ प्रेम और भाईचारे के रंगों से होली मनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को सिविल लाइन्स स्थित मुख्यमंत्री निवास पर होली पूजन कर प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। शर्मा ने परिवारजनों के साथ यहां राज राजेश्वरी मंदिर प्रागंण में विधिवत् रूप से होली पूजन किया। उसके बाद मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन किया गया।
विज्ञापन
इस दौरान राजस्थान पुलिस की चार आरएसी बटालियन के जवानों ने चंग की थाप पर होली के गीत और नृत्य प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने जवानों से मिलकर उनकी हौसला अफजाई की। होलिका दहन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
राजभवन में हुआ उत्सव
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे़ ने राजभवन में गुरुवार को होलिका दहन किया। राज्यपाल ने होली पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सम्पन्नता और खुशहाली की कामना की। बागडे़ ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अबीर, गुलाल संग प्रेम और स्नेह के रंगों से होली खेल यह पर्व मनाने की अपील की।