Jaipur: प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह चोरी किया गया डीजल सस्ते दामों में बाजार में बेचता था। हैरानी की बात यह है कि गिरोह का मास्टरमाइंड श्रवण पूर्व में भी कालवाड़ थाना क्षेत्र में इसी तरह की डीजल चोरी की वारदात में पकड़ा जा चुका है।
जयपुर ग्रामीण के बगरू थाना क्षेत्र के दहमी कला गांव में डीजल चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डीजल माफिया के एक गिरोह ने एचपीसीएल (HPCL) की भूमिगत पाइपलाइन से डीजल चोरी के लिए 25 फीट लंबी सुरंग खोदी और हाईटेक तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस गोरखधंधे का पर्दाफाश करते हुए मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड समेत अन्य साथी फरार हो गए हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने करीब डेढ़ माह पूर्व दहमी कला गांव में परमेश्वर दयाल नामक व्यक्ति का मकान किराए पर लिया था। बाहरी तौर पर मकान में मिनरल वाटर की बोतल का व्यवसाय दिखाया जा रहा था, लेकिन भीतर ही भीतर गैंग डीजल चोरी का बड़ा ऑपरेशन चला रहा था। गिरोह के सदस्यों ने मकान से लगभग 25 फीट दूर गुजर रही एचपीसीएल की पाइपलाइन तक पहुंचने के लिए गुप्त सुरंग खोदी और पाइपलाइन में सेंध लगाकर डीजल निकाला जा रहा था।
मामले की भनक लगते ही डीसीपी पश्चिम अमित कुमार के निर्देशन में डीसीटी वेस्ट व बगरू थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी। पुलिस ने मौके से एक आरोपी राजेश को हिरासत में लिया है, जबकि मास्टरमाइंड श्रवण सहित अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से डीजल चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह चोरी किया गया डीजल सस्ते दामों में बाजार में बेचता था। हैरानी की बात यह है कि गिरोह का मास्टरमाइंड श्रवण पूर्व में भी कालवाड़ थाना क्षेत्र में इसी तरह की डीजल चोरी की वारदात में पकड़ा जा चुका है। फिलहाल पुलिस राजेश से गहन पूछताछ कर रही है तथा फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व कर रहे डीसीपी जयपुर पश्चिम अमित बुडानिया ने बताया कि गिरोह ने बड़े ही सुनियोजित तरीके से पूरी वारदात को अंजाम दिया। मामले की हर एंगल से जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।