पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भजनलाल शर्मा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कांग्रेस की योजनाएं रोककर भाजपा राजस्थान को फिर बीमारू बना रही है। गहलोत ने गांधी वाटिका म्यूज़ियम, संविधान क्लब और गांधी संस्थान जैसी परियोजनाएं ठप करने का आरोप लगाया।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भजनलाल शर्मा सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार कांग्रेस कार्यकाल की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को रोककर या नजरअंदाज कर राज्य को फिर से “बीमारू” श्रेणी की ओर धकेल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां विकास विरोधी हैं और यह सरकार राजस्थान की प्रगति की गति को पीछे ले जा रही है।
गहलोत ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कई ऐतिहासिक संस्थान स्थापित किए थे, जिनमें राजीव गांधी फिनटेक इंस्टीट्यूट, गांधी वाटिका म्यूज़ियम, संविधान क्लब, IPD टॉवर, महात्मा गांधी गवर्नेंस एंड सोशल साइंसेज़ इंस्टीट्यूट, 310 नए कॉलेज और 5 से अधिक विश्वविद्यालय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से कई संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने या तो उनका काम रोक दिया है या तैयार होने के बावजूद उन्हें शुरू नहीं किया।
'भाजपा की मानसिकता पिछड़ी और नकारात्मक'
उन्होंने कहा, “हर परियोजना एक ही कहानी कहती है भाजपा की मानसिकता पिछड़ी और नकारात्मक है। ऐसा लगता है जैसे भाजपा राजस्थान को फिर से बीमारू राज्य बनाने पर तुली है।” वहीं, भाजपा प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने गहलोत के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री के लिए सरकार की आलोचना करना अब रोज़ की आदत बन चुकी है। भाजपा सरकार ने कोई भी लोककल्याणकारी योजना बंद नहीं की। गहलोत सरकार काम के लिए नहीं, बल्कि कुप्रबंधन के लिए जानी जाती थी। उन्हें बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए।”