सोशल मीडिया पर राजस्थान की तथाकथित परंपरा फेक निकली
- फोटो : अमर उजाला
सोशल मीडिया पर इन दिनों राजस्थान की एक कथित परंपरा को लेकर वीडियो और पोस्ट वायरल हो रहे हैं। वीडियो बनाने वाली युवती ने दावा किया था कि प्रदेश के कुछ इलाकों में शादी के बाद पहले ससुर, फिर देवर और फिर पति के साथ संबंध बनाने की अमानवीय प्रथा निभाई जाती है। इतना ही नहीं उसने यह भी कहा कि पहले बच्चे को गर्भपात करा दिया जाता है। इस कथित परंपरा के लिए उसने शिक्षा की कमी को जिम्मेदार ठहराया।
इस वीडियो पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई यूजर्स ने इस दावे को राजस्थान जैसे गौरवशाली राज्य का अपमान बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। एक यूजर ने लिखा कि केवल खंडन करने से बात नहीं बनेगी, ऐसे फेक दावों पर दंड होना चाहिए। कुछ यूजर्स ने तो सीधे पुलिस से सवाल किया कि क्या वे इस तरह की अफवाहें फैलाने वालों पर कार्रवाई करेंगे।
ये भी पढ़ें: Udaipur News: राजसमंद विधायक की कार का भीषण एक्सीडेंट, अस्पताल में भर्ती, उदयपुर के अंबेरी के पास हुआ हादसा
विवाद बढ़ने के बाद राजस्थान पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से स्पष्टीकरण जारी किया। पुलिस ने साफ कहा कि राजस्थान में ऐसी कोई परंपरा या रस्म मौजूद नहीं है। यह दावा पूरी तरह झूठा और भ्रामक है। पुलिस ने इसे फेक न्यूज करार देते हुए कहा कि इस तरह की गलत जानकारी फैलाना कानूनन दंडनीय अपराध है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली अफवाहों पर विश्वास न करें और इस तरह की संदिग्ध सामग्री की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।