फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निकाय-पंचायत चुनाव के लिए कांग्रेस का बड़ा प्लान; 60% तक युवाओं को टिकट देने की तैयारी

Tue, 18 Aug 2026 03:43 PM IST
Sourabh Bhatt न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

सार

राजस्थान निकाय-पंचायत चुनाव में कांग्रेस 60% तक टिकट युवाओं को देने की तैयारी में है। जानकारी के अनुसार चुनाव संचालन के लिए कल से कमेटियों के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी...

विज्ञापन
कांग्रेस की बैठक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 राजस्थान में प्रस्तावित निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने संकेत दिया है कि पार्टी इस बार टिकट वितरण में युवाओं को बड़ी हिस्सेदारी देने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि 60 प्रतिशत तक टिकट युवाओं को देने पर फोकस रहेगा। निकाय व पंचायत चुनावों के संचालन संबंधित कमेटियों के गठन की प्रक्रिया कल से शुरू हो जाएगी।

डोटासरा ने कहा कि अगले दो-तीन दिन में कांग्रेस की बड़ी बैठक होगी, जिसमें चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज किया जाएगा। बैठक में विधायक, विधायक प्रत्याशी, संगठन पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों पर जोर

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि टिकट वितरण में केवल सिफारिश नहीं, बल्कि उम्मीदवार की जमीनी पकड़, स्थानीय समीकरण और जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी। संगठन और जनप्रतिनिधि मिलकर उम्मीदवारों का चयन करेंगे। उन्होंने बताया कि जिलों के नेताओं से चुनावी फीडबैक लिया जा रहा है। अब तक करीब 27-28 जिलों के नेताओं से चर्चा हो चुकी है।

भाजपा सरकार पर डोटासरा का हमला

डोटासरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार के किए कामों का पांच प्रतिशत काम भी नहीं किया।

उन्होंने चुनाव टलने के कारण करीब 1900 करोड़ रुपये की टीएफसी-एसएफसी राशि लैप्स होने का आरोप भी लगाया। डोटासरा ने सरकार पर तबादलों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पैसे लेकर तबादले किए जा रहे हैं। शिक्षा विभाग में तबादलों को लेकर उन्होंने सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि अलग-अलग काउंटर खुले हुए हैं।

डोटासरा ने करीब 400 शिक्षा विभाग के तबादले निरस्त किए जाने का दावा भी किया।

पंचायत चुनाव की आरक्षण प्रक्रिया पर सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पंचायत चुनाव की लॉटरी स्थगित किए जाने और आरक्षण प्रक्रिया को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण में गड़बड़ी का आरोप लगाया और कहा कि जरूरत पड़ी तो कांग्रेस इस मामले को अदालत तक ले जाएगी। उन्होंने भाजपा के ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ के दावे पर भी तंज कसते हुए सवाल किया कि तीसरा इंजन कौन है।

 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें