प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) को राज्यभर में विशेष आयोजन किए जाएंगे। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर से ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का शुभारंभ करेंगे। मालवीय नगर स्थित सामुदायिक केंद्र से शहरी सेवा शिविर तथा बस्सी से ग्रामीण सेवा शिविर की शुरुआत की जाएगी।
प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से आमजन को त्वरित सेवाएं और योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा। नगरीय विकास एवं आवासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार पिछले वर्षों की बकाया लीज राशि वर्ष 2025-26 तक एकमुश्त जमा कराने पर ब्याज में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी। इसके साथ ही अन्य आकर्षक रियायतें भी दी जाएंगी।
शहरी शिविरों में सफाई व्यवस्था सुधार, सड़क मरम्मत-पैचवर्क, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, नालियों और सीवर लाइन की मरम्मत जैसे जनोपयोगी कार्य तत्परता से किए जाएंगे। नागरिकों को जन्म, मृत्यु और विवाह पंजीकरण, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, नामांतरण एवं हस्तांतरण जैसी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। इसके अलावा पीएम एवं सीएम स्वनिधि योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन जैसी योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Crime: जयपुर में बेटे ने मां को बेरहमी से पीटा, फिर दबा दिया गला... मौत; कारण जानकर हो जाएंगे हैरान
ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध रूप से होगा। इन शिविरों में भूमि संबंधी विवादों का समाधान, स्वामित्व योजना के तहत पट्टों हेतु आवेदन व वितरण, किसान एप द्वारा गिरदावरी, गरीबी मुक्त गांव योजना के अंतर्गत बीपीएल परिवारों का सर्वे कराया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य शिविर, पशुओं की जांच, इलाज और टीकाकरण, यू.डी.आई.डी. कार्ड वितरण जैसी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।
इन शिविरों के दौरान बीज मिनी किट वितरण, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण, मूल निवास व जाति प्रमाणपत्र जारी करना, लंबित फार्मर रजिस्ट्री का निस्तारण, जनहानि एवं पशुहानि मामलों में सहायता राशि स्वीकृति जैसी कार्यवाहियां भी होंगी। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि इन शिविरों से अंत्योदय की संकल्पना को धरातल पर मूर्त रूप मिलेगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
यह भी पढ़ें- Phone Tapping Case Rajasthan: विधायकों की खरीद-फरोख्त का केस हाईकोर्ट ने किया बंद, गहलोत सरकार में हुआ था दर्ज